संभल : पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
संभल, अमृत विचार। पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। असमोली थाना क्षेत्र में शाहपुर सोत गांव के पास मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान इनामी अपराधी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। घायल बदमाश का नाम सालिम है। उसे जिला अस्पताल में …
संभल, अमृत विचार। पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। असमोली थाना क्षेत्र में शाहपुर सोत गांव के पास मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान इनामी अपराधी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। घायल बदमाश का नाम सालिम है। उसे जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
असमोली थाना प्रभारी कर्म सिंह पाल रविवार को नगला फैक्ट्री चौराहा से सैदपुर जसकोली की ओर जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध लोगों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान नगला फैक्ट्री की ओर से बाइक से दो युवक पुलिस को आते दिखे। पुलिस ने उनको रुकने का इशारा दिया। पुलिस को देख दोनों युवक तमंचा लहराते हुए शाहपुर सोत गांव की ओर बाइक से भागने लगे। उनको भागते देखकर पुलिस ने भी उनका पीछा किया। इसी दौरान ट्रैक्टर को बचाने के चक्कर में बाइक फिसल गई। जिससे वह लोग बाइक छोड़कर पैदल ही जंगल की ओर भागे।
इसी दौरान उन्होंने अपने बचाव में पुलिस पर फायरिंग भी की। तब पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। इसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ में पकड़ा गया आरोपी 25 हजार का इनामी सालिम पुत्र मेहंदी हसन निवासी हयातनगर है।
उसको इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनामी के पास से एक तमंचा और चोरी की बाइक बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार सालिम पर पहले से कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वह काफी दिनों से वांछित चल रहा था। पुलिस को उसकी तलाश थी। वहीं मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी चक्रेश मिश्रा और एएसपी आलोक कुमार जायसवाल मौके पर पहुंच गए थे।
असमोली पुलिस ने जांच के दौरान मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी अपराधी सालिम को गिरफ्तार किया है। उसके पैर में गोली लगी है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। सालिम पर कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वह काफी दिनों से वांछित चल रहा था। -आलोक कुमार जायसवाल, एएसपी
