बरेली: बोर्ड परीक्षा में लापरवाही बरती तो होगी कार्रवाई
बरेली, अमृत विचार। पेपर लीक की घटना के बाद से ही शिक्षा विभाग व प्रशासन के अधिकारी प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने में जुटे हैं। रविवार को संजय कम्यूनिटी हॉल में जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने केंद्र व्यवस्थापक, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन कर …
बरेली, अमृत विचार। पेपर लीक की घटना के बाद से ही शिक्षा विभाग व प्रशासन के अधिकारी प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने में जुटे हैं। रविवार को संजय कम्यूनिटी हॉल में जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने केंद्र व्यवस्थापक, अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन कर आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान प्रश्नपत्र सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किए गए बदलाव के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
इस मौके पर डीएम ने कहा कि आगामी दिन परीक्षा की दृष्टि से बहुत संवदेनशील हैं। किसी भी स्तर पर अनियमितता न हो। हर बच्चे की पहचान सुनिश्चित करें और सजग रहें। अपना विभागीय पहचान पत्र साथ रखें । बालिकाओं की तलाशी केवल महिला स्टाफ से ही कराई जाए। लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एक माह का डाटा रखना अनिवार्य
डीआईओएस डा. मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर वायस रिकार्डर सहित सीसीटीवी कैमरे की संचालन, राउटर , हाईस्पीड इंटरनेट व्यवस्था की नियमित जांच की जाए। कम से कम एक माह का डाटा रखना अनिवार्य होगा। समस्त परीक्षा केंद्रों में एक अन्य सुरक्षित अलमारी की व्यवस्था की जाए, जिसमें परीक्षार्थियों को प्रश्न पत्र वितरण के उपरांत अवशेष प्रश्न पत्रों तथा बंडल स्लिप को सुरक्षित रखा जाए । इस अलमारी को डबल लाक अलमारी से कुछ दूरी पर उसी कक्ष में रखा जाए । डबल लाक अलमारी कक्ष में किसी भी अधिकारी व कर्मचारी का मोबाइल के साथ प्रवेश वर्जित रहेगा ।
डबल लाक अलमारी कक्ष को सिर्फ परीक्षा तिथि पर प्रश्न पत्र निकालने के लिए परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पूर्व स्टेटिक मजिस्ट्रेट , केंद्र व्यवस्थापक व अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक की उपस्थिति में खोला जाए। परीक्षा समाप्ति के एक घंटा बाद इन्हीं की उपस्थिति में लाक व सील किया जाए । डबल लाक अलमारी में एक लॉक की चाबी केंद्र व्यवस्थापक , दूसरे लॉक की अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक तथा कामन चाबी स्टेटिक मजिस्ट्रेट के पास रहेगी। चाबी किसी को भी शेयर नहीं करनी है।
डबल लाक अलमारी वाले कक्ष के मुख्य गेट की चाबी स्टेटिक मजिस्ट्रेट के पास रहेगी । यदि स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा तिथि पर निर्धारित समय पर नहीं पहुंचते हैं। परीक्षा में देरी की स्थिति बनती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रधानाचार्य कुसुमलता, त्रिवेंद्र कुमार, इदरीस अहमद , विकास पाठक , केशव , शशांक आदि उपस्थित रहे।
