भाजपा सरकार बनने के बाद भारत बन रहा आत्मनिर्भर : राजनाथ सिंह
लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के बाद से वैश्विक स्तर पर भारत का कद बढ़ा है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सारी दुनिया भारत की बातों को कान खोलकर सुनती है और गंभीरता से विचार करती है। पहले देश कई मामलों में दूसरों पर निर्भर था …
लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के बाद से वैश्विक स्तर पर भारत का कद बढ़ा है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सारी दुनिया भारत की बातों को कान खोलकर सुनती है और गंभीरता से विचार करती है। पहले देश कई मामलों में दूसरों पर निर्भर था जबकि अब देश आत्मनिर्भर बन रहा है। यह सब भाजपा की सरकार और ईमानदार नेतृत्व का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी और योगी समेत भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने बहुत ही ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन किया है। रक्षा मंत्री ने कहा कि रूस और यूक्रेन में भारत की नीति की सराहना विपक्षी के साथ बहुत देश कर रहे हैं। भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान के प्रधानमंत्री भी तारीफ कर रहे हैं।
लखनऊ के डीएवी कॉलेज में रविवार को भाजपा के होली मिलन समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने यह व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की कल्पना है कि भारत की धरती पर ही सारे सामान बनें और यहां तैयार उत्पाद पूरी दुनिया में निर्यात किए जाएं। रक्षामंत्री ने कहा कि आजाद भारत के इतिहास में पहली बार 400 बिलियन डालर का निर्यात भारत से किया गया।
उन्होंने कहा कि पहले हम बहुत सारे सामान दुनिया के दूसरे देशों से मांगते थे अब भारत की धरती पर तैयार करेंगे। भारत आत्मनिर्भर भारत बन रहा है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री की सोच और पार्टी के जुझारू कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा की जहां भी सरकारें हैं, वहां के जनसामान्य में पार्टी की साख निरंतर बढ़ती जा रही है। लोकसभा में प्रचंड बहुमत के बाद अब राज्यसभा में भाजपा का बहुमत है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में 88 के बाद किसी भी राजनीतिक पार्टी को 100 सीटें नहीं थी । अब भाजपा को यह अवसर प्राप्त हुआ है।
कार्यकर्ताओं पर गुलाब की पंखुड़ियां डालकर खेली होली
राजधानी के डीएवी कॉलेज में खेली गई फूलों की होली यहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं के अविस्मरणीय बन गई। होली के रंग में प्रोटोकॉल को दरकिनार करते हुए राजनाथ सिंह मंच से नीचे उतर कर कार्यकर्ताओं के समीप पहुंच गए और दोनों हाथों से गुलाब के पंखुड़ियों को कार्यकर्ताओं पर लुटाते नजर आए। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने सांसद पर फूलों की बौछार की।
इस दौरान राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब आप सब लखनऊ में होली मना रहे थे तब मैं दिल्ली में था। लेकिन आप सबके बीच होली खेली का उल्लास दबा नहीं पाया। इसलिए अध्यक्ष मुकेश शर्मा से बात करके होली मिलन का यह कार्यक्रम रखा।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ,विधायक आशुतोष टंडन, महेंद्र सिंह, महापौर संयुक्ता भाटिया, रजनीश गुप्ता व डीएवी कॉलेज प्रधानाचार्य अमित त्रिपाठी मंच पर उपस्थित रहे। इस मौके पर त्रिलोक सिंह अधिकारी, पुष्कर शुक्ला, टिंकू सोनकर, हिमांशु सोनकर, प्रवीण गर्ग ने रक्षा मंत्री का बड़ी माला पहनाकर के स्वागत किया। कार्यक्रम के आरंभ में स्वागत व होली गीत के साथ विभिन्न कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी की। जिसमें कलाकारों द्वारा भजन प्रस्तुतियां के साथ मयूर नृत्य ने सभी का मन मोह लिया।
पूरी दुनिया में नंबर वन शहर होगा लखनऊ : बृजेश पाठक
भाजपा कार्यकर्ताओं के होली मिलन समारोह में मौजूद उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि राजनाथ सिंह के नेतृत्व ने लखनऊ के विकास के लिए सैकड़ों कार्य किए है। देश के सभी लोकसभा क्षेत्रों में जितने कार्य नही हुए होंगे उससे अधिक कार्य लखनऊ में हुए है। पहले पूरे शहर में एक वाटर वर्क्स होता था अब दूसरे वाटर वर्क की आधारशिला भी रक्षा मंत्री के आशीर्वाद से होने वाली है। पहले एक सीवर ट्रीटमेंट प्लांट भरवारा में होता था रक्षामंत्री जी ने चिंता की तो 1090 पर करोड़ों की लागत से सीवर ट्रीटमेंट प्लांट बन रहा है। आने वाले कुछ दिनों में आप देखेंगे लखनऊ भारत ही नहीं पूरी दुनिया का नंबर एक शहर होगा।
यह भी पढ़ें:-CSK vs PBKS, IPL 2022: पंजाब ने 54 रनों से दर्ज की शानदार जीत, चेन्नई ने लगाई हार की हैट्रिक
