अयोध्या: चौतरफा फैली गंदगी तो 24 घंटे बाद नगर निगम ने किया समझौता, सफाईकर्मियों की खत्म हुई हड़ताल
अयोध्या। नगर निगम प्रशासन और सफाई कर्मियों के बीच बुधवार को निर्धारित छह बिन्दुओं पर समझौता हो गया। समझौते के बाद 24 घंटे तक चली सफाई कर्मियों की हड़ताल भी समाप्त हो गई है। हालांकि बुधवार को प्रथम पाली में नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप रही। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन भी नहीं …
अयोध्या। नगर निगम प्रशासन और सफाई कर्मियों के बीच बुधवार को निर्धारित छह बिन्दुओं पर समझौता हो गया। समझौते के बाद 24 घंटे तक चली सफाई कर्मियों की हड़ताल भी समाप्त हो गई है। हालांकि बुधवार को प्रथम पाली में नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप रही। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन भी नहीं हुआ, जिसके चलते कई इलाकों में सड़कों के किनारे कूड़े के ढेर पड़े रहे।
मंगलवार को करीब दो बजे आपात बैठक कर हड़ताल पर गए अयोध्या नगर निगम के सफाई कर्मी बुधवार को दो बजे काम पर लौट आए। निगम कार्यालय में उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ और नगर आयुक्त विशाल सिंह के बीच समझौता वार्ता हुई। दोनों पक्षों के बीच छह बिंदुओं को लेकर समझौता हुआ। निगम स्तर के समस्याओं के निराकरण के लिए 15 दिन का समय लिया गया, जबकि शासन स्तर की मांगों के लिए नगर विकास मंत्रालय भेजे जाने पर सहमति बनी।
नगर आयुक्त ने बताया कि सेवानिवृत्त कर्मियों के देयकों के भुगतान की प्रक्रिया चल रही है शेष मांगों को भी पूरा किया जाएगा। गर्मियों की वर्दी के लिए शासन की ओर से गाइडलाइन प्राप्त की जायेगी। संघ के महानगर अध्यक्ष विनय बाघमार ने बताया कि समझौते के बाद हड़ताल समाप्त कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि यदि भविष्य में समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो पुन: आन्दोलन की रणनीति अपनाई जायेगी। वहीं बुधवार को प्रथम पाली में सफाई न होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घरों से कूड़ा कलेक्शन नहीं हुआ और सड़कों के किनारे से कूड़े नहीं उठाए गए।
यह भी पढ़ें: अयोध्या: सहकारी समितियों ने किसानों से उर्वरक ऋण वसूली को लेकर कसी कमर, घर-घर जाकर वसूला जाएगा लोन
