अयोध्या: 2200 मीटर लंबा होगा एयरपोर्ट का रनवे, 2023 अप्रैल में तक होगा कंपलीट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। देश-विदेश में बैठे रामभक्तों के लिए गुरुवार को एक सुखद खबर आई है। राजधानी लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट की जमीन एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को लीज पर दे दी गई। अयोध्या एयरपोर्ट पर काम पहले से ही चल रहा था। इस फैसले के बाद काम …

अयोध्या। देश-विदेश में बैठे रामभक्तों के लिए गुरुवार को एक सुखद खबर आई है। राजधानी लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट की जमीन एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को लीज पर दे दी गई। अयोध्या एयरपोर्ट पर काम पहले से ही चल रहा था। इस फैसले के बाद काम में और तेजी आ जाएगी। अप्रैल 2023 तक एयरपोर्ट के प्रथम चरण का कार्य पूरा हो जाएगा।

अयोध्या में लगभग 500 करोड़ की लागत में तैयार हो रहे एयरपोर्ट का काम इन दिनों काफी तेजी से चल रहा है। अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के रूप में विकसित हो रहे इस एयरपोर्ट पर पहले चरण में ए321 और दूसरे चरण में कोड-ईबी 777.300 श्रेणी के विमानों का संचालन शुरू किया जाएगा।गंजा स्थित हवाई पट्टी पर चल रहे प्रथम चरण में टर्मिनल बिल्डिंग व रनवे का विस्तार होना है। साथ ही फायर सेंटर व एटीसी टावर भी स्थापित कर दिया जाएगा। श्रीराम एयरपोर्ट का रनवे 2200 मीटर लंबा होगा। अभी उसकी चौड़ाई महज 30 मीटर ही है, जिसे 45 मीटर चौड़ा किया जाना है। एयरपोर्ट पर एटीआर विमान भी लैंड हो सकेंगे। 400 से भी अधिक एकड़ में बन रहे एयरपोर्ट के बन जाने के बाद मर्यादा पुरुषोत्तम एयरपोर्ट प्रदेश का पाचवां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होगा।

कॉमर्शियल ऑपरेशन का भी दिया था निर्देश
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में स्थित हवाई पट्टी को (मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम एयरपोर्ट) के रूप में विकसित करने लिए योगी सरकार ने हाल ही में अतिरिक्त भूमि खरीद के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इस कड़ी में नागरिक उड्डयन सचिव प्रदीप सिंह करोला अयोध्या पहुंचे थे। उन्होंने एयरपोर्ट का निरीक्षण कर अधिग्रहण की जा रही जमीनों का मैप भी देखा था। प्रदीप सिंह ने कहा था कि जल्द ही अयोध्या एयरपोर्ट का कॉमर्शियल
ऑपरेशन भी होगा।

मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले फेज का कार्य तेजी से चल रहा है। अप्रैल 2023 तक इसे पूरा कर लिया जाना प्रस्तावित है। दूसरे चरण का काम कंपलीट होने के बाद ईबी 777.300 श्रेणी के विमानों का संचालन भी शुरू हो जाएगा।

यह भी पढ़ें-फतेहपुर में दिखा आग का तांडव, 30 बीघा फसल जलकर हुई राख

संबंधित समाचार