रामपुर : हथकड़ी खोलकर चोरी का मुल्जिम पुलिस कस्टडी से फरार, पांच घंटे बाद पकड़ा
रामपुर, अमृत विचार। केमरी थाने के सिपाहियों के साथ बाइक पर बैठकर आ रहा चोरी का आरोपी बरेली गेट के पास हथकड़ी खोलकर चलती बाइक से कूदकर फरार हो गया। इस बात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। अधिकारियों के आदेश पर जिले भर में नाकाबंदी करके चेकिंग अभियान चलाया …
रामपुर, अमृत विचार। केमरी थाने के सिपाहियों के साथ बाइक पर बैठकर आ रहा चोरी का आरोपी बरेली गेट के पास हथकड़ी खोलकर चलती बाइक से कूदकर फरार हो गया। इस बात की जानकारी मिलने के बाद पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। अधिकारियों के आदेश पर जिले भर में नाकाबंदी करके चेकिंग अभियान चलाया गया। देर शाम आठ बजे सिविल लाइंस क्षेत्र में फरार आरोपी को धर दबोचा गया।
केमरी पुलिस ने शुक्रवार को चोरी के आरोप में थाना क्षेत्र के मुंडियाकलां गांव निवासी आरिफ पुत्र भूरे को गिरफ्तार किया था। इस आरोपी को कोर्ट में पेशकर उसे भेजने के लिए दो पुलिस कर्मी बाइक से लेकर केमरी थाने से निकले थे। शहर में बरेली गेट के पास मदीना मस्जिद के निकट भीड़ ज्यादा होने की वजह से पुलिस कर्मियों ने बाइक को धीमा कर दिया। इस बीच बाइक सवार आरोपी आरिफ ने हथकड़ी खोल ली और फिर वह बाइक से कूदकर तंग गलियों में भाग गया। जैसे ही आरिफ भागा पुलिस कर्मियों के हाथ पांव फूल गए। उन्होंने पीछा करना चाहा, लेकिन आरिफ मौके से फरार हो गया। बाद में घटना की जानकारी पुलिस कर्मियों ने आला अधिकारियों को दी।सूचना पाकर केमरी सीओ व अपर पुलिस अधीक्षक डा.संसार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। साथ ही गंज व कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन आरोपी नहीं मिल सका। देर शाम तक उसकी तलाश की जाती रही। सीओ ओमकार नाथ शर्मा ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस ने छापेमारी की। जिसके बाद रात आठ बजे पुलिस ने उसे दबोच लिया।
कोर्ट परिसर से लेकर होटलों तक से भाग चुके हैं बंदी
पेशी के दौरान बंदियों की खातिरदारी करना पुलिस का शगल बन गया है। इसी का फायदा उठाकर बंदी फरार हो रहे हैं। जिसके चलते बंदी मौका पाकर फरार हो जाते हैं। जिसमे कुछ साल पहले रामपुर जेल से 12 बंदियों को पेशी पर कोर्ट लाया गया था। इनमें से एक बंदी गंज थाना क्षेत्र के ग्राम काशीपुर का अली अहमद भी था। वह कचहरी परिसर से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।बाद में उसको पकड़ लिया गया था। दिल्ली पुलिस कोतवाली के मोहल्ला कटकुइया निवासी मोबीन को पेशी पर लेकर आई थी। वह भी पुलिस कर्मियों को चकमा देकर फरार हो गया था।इसके अलावा लखनऊ पुलिस की कस्टडी से भी एक बंदी फरार हो गया था।इतना ही नहीं कोरोनाकाल में एक बंदी जौहर विवि में बने वार्ड में भर्ती कराया गया था।वह भी फरार हो गया था।पुलिस की कार्यशैली पर हमेशा से सवालिया निशान लगते रहते हैं।
जिस मुकदमे से फरार हुआ उससे बड़ा गुनाह कर दिया
आरोपी को चोरी के मुकदमे में गिरफ्तार किया गया था। लेकिन आरोपी ने पुलिस कस्टडी से हथकड़ी खोलकर फरार होकर उससे बड़ा गुनाह कर दिया। अभी तक तो एक मुकदमे में ही वह फंसा था। फरार होने के बाद दूसरा मुकदमा भी उसके ऊपर लगेगा।
केमरी का चोरी का आरोपी बरेली गेट से बाइक से कूदकर फरार हो गया। उसको घेराबंदी करने के बाद देर शाम दबोच लिया गया। —डा.संसार सिंह, एएसपी
ये भी पढ़ें-
रामपुर : मसवासी क्षेत्र में दिखा गुलदार, कुत्ते को बनाया निवाला
