बरेली: थाने में तमंचा लहराते हुए घुसी महिला, पति बोला- साहब मानसिक रूप से बीमार है

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। यूपी बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाने में एक महिला थैले में तमंचा रखकर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि उसने जैसे ही थैले से तमंचा बाहर निकाला तो पुलिसकर्मी एकदम से सकपका गए। आनन-फानन में उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ की गई तो पता चला कि वह मानसिक रुप से …

बरेली, अमृत विचार। यूपी बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाने में एक महिला थैले में तमंचा रखकर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि उसने जैसे ही थैले से तमंचा बाहर निकाला तो पुलिसकर्मी एकदम से सकपका गए। आनन-फानन में उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ की गई तो पता चला कि वह मानसिक रुप से विक्षिप्त है। जिसका बरेली के मानसिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। मगर ऐसे में सवाल था कि आखिर उस महिला को तमंचा दिया किसने?

पति लगाता है चाट-पकौड़ी का ठेला
जानकारी के मुताबिक, थाने में पहुंची 30 वर्षीय महिला का नाम सोनी है। वह मूल रूप से फतेहगंज पूर्वी की ही रहने वाली है। उसके पति सुनील गुप्ता चाट पकौड़ी का ठेला लगाते हैं। बताया जा रहा है कि सोनी मंगलवार दोपहर थाने के बाहर थैला लेकर खड़ी थी। बार-बार थैले से तमंचा निकाल रही थी। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद थाने से दो पुलिसकर्मी समेत महिला कांस्टेबल बाहर पहुंचे और महिला से पूछताछ शुरू की।

भागते-भागते घुस गई थाने में और तान दिया तमंचा
पुलिसकर्मी महिला से पूछताछ कर रहे थे कि उसी वक्त वह भागने लगी और भागते-भागते थाने के अंदर घुस गई। थैले से तमंचा बाहर निकालकर लहराने लगी। जिसके बाद पुलिसकर्मी अचानक से डर गए। आनन-फानन में महिला कांस्टेबलों ने सोनी को हिरासत में ले लिया। सोनी के पकड़े जाने की सूचना पर उसका पति सुनील समेत उसके परिजन थाने पहुंच गए।

पति बोला- मानसिक रुप से बीमार रहती है
पूछताछ में सोनी के पति सुनील ने बताया कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से बीमार है। वह इधर उधर भटकती रहती है। सुनील ने महिला के चल रहे इलाज के कागज भी दिखाए। फिलहाल महिला अभी भी पुलिस की हिरासत में है। आगे की जांच पड़ताल की जा रही है। मगर इसमें सवाल यह है कि आखिर उसके पास तमंचा आया कहां से।

 

ये भी पढ़ें-

बरेली: जीत के बाद महाराज सिंह ढोल नगाड़ों के साथ पहले पहुंचे केशव कृपा भवन बाद में पार्टी कार्यालय

संबंधित समाचार