मुरादाबाद : कुएं में लटका मिला अज्ञात अधेड़ का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस
मुरादाबाद, अमृत विचार। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में अधेड़ का शव कुएं में लटका मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिल सकी। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। सोशल मीडिया के जरिए पुलिस शव की …
मुरादाबाद, अमृत विचार। मूंढापांडे थाना क्षेत्र में अधेड़ का शव कुएं में लटका मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिल सकी। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। सोशल मीडिया के जरिए पुलिस शव की शिनाख्त कराने में जुटी है।
शनिवार को मूंढापांडे थानाक्षेत्र के गांव बूजपुर आशा निवासी वीरेंद्र सिंह करीब छह बजे अपने खेतों की ओर गए थे। वह खेत में कुएं के पास पहुंचे तो वहां का दृश्य देख सन्न रह गए। करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव कुएं में लटका था। अधेड़ की गर्दन में रस्सी का फंदा लगा था। रस्सी का दूसरा सिरा कुएं के पास पेड़ से बंधा था। मृतक के गले में सफेद अंगोछा भी पड़ा था। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के खेतों पर काम कर रहे अन्य ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
इस बीच पुलिस भी आ गई और शव को कुएं से निकलवा लिया। लोगों से पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिल सकी। तलाशी में मृतक की जेब से मुरादाबाद से काशीपुर तक का रेल टिकट भी मिला है। इसके अलावा ऐसा और कुछ नहीं मिल सका जिससे शव की शिनाख्त हो पाती। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव मोर्चरी में रखवा दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अधेड़ की मौत लटकने से होने की पुष्टि हुई है।
इंस्पेक्टर संजय कुमार पांचाल ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। शिनाख्त के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
