मुरादाबाद : पुलिस ने तमंचे के साथ दबोचा टॉप टेन हिस्ट्रीशीटर, किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था आरोपी
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस पुलिस ने थाने के टॉप टेन सूची में शामिल हिस्ट्रीशीटर फिरासत को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। आरोपी से फर्जी आधार कार्ड भी बरामद किया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी के आरोप में भी …
मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस पुलिस ने थाने के टॉप टेन सूची में शामिल हिस्ट्रीशीटर फिरासत को तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। आरोपी से फर्जी आधार कार्ड भी बरामद किया है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी के आरोप में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
इंस्पेक्टर सिविल लाइंस रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रविवार सुबह साढ़े छह बजे कैंप चौकी प्रभारी एसआई सुधीर कुमार की टीम महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज रोड पर चेकिंग कर रही थी। पुलिस ने शक होने पर उधर से गुजर रहे युवक को रोका तो वह भागने लगा। इस पर पुलिस ने घेराबंदी करके उसे दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस और फर्जी आधार कार्ड मिला। पुलिस में पूछताछ की गई तो पता चला कि वह चक्कर की मिलक पुराना आरटीओ कार्यालय के पास रहने वाला फिरासत है। पहचान छिपाने के लिए शौकत नाम से फर्जी आधार कार्ड बनवा रखा था। इस आधार कार्ड पर फिरासत ने फोटो अपनी लगवा रखी थी।
बताया कि फिरासत के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में हिस्ट्रीशीट खुली हुई है और वह थाने के टॉप टेन बदमाशों में शामिल है। उसके खिलाफ 16 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि फिरासत किसी वारदात के लिए सुबह तमंचा लेकर निकला था, मगर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। फिरासत के खिलाफ धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। अदालत में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : मामूली बात पर युवक को लाठी-डंडों से पीटा, वीडियो वायरल
