बरेली: मालगाड़ी में लदे कोयले से निकला धुंआ, जंक्शन पर पानी डालकर बुझाया
अमृत विचार, बरेली। देश में कोयला संकट पैदा होने के बाद से रेलवे प्रशासन मालगाड़ियों के जरिए कोयला की आपूर्ति युद्ध स्तर पर कर रहा है। तेजी से कोयला पहुंचाने की आपाधापी में अब हादसे भी होने लगे हैं। बरेली रेलवे जंक्शन पर सुबह 10 बजकर 20 मिनट पर लखनऊ की ओर से कोयला लदी …
अमृत विचार, बरेली। देश में कोयला संकट पैदा होने के बाद से रेलवे प्रशासन मालगाड़ियों के जरिए कोयला की आपूर्ति युद्ध स्तर पर कर रहा है। तेजी से कोयला पहुंचाने की आपाधापी में अब हादसे भी होने लगे हैं। बरेली रेलवे जंक्शन पर सुबह 10 बजकर 20 मिनट पर लखनऊ की ओर से कोयला लदी मालगाड़ी लाइन नंबर तीन पर पहुंची। सूचना मिली थी कि ट्रेन के एक वैगन से धुआं निकल रहा था। जिसके बाद ट्रेन को जंक्शन पर रोककर वैगन पर पानी डालकर आग को बुझाया गया।
सुबह 10 बजे जंक्शन के कर्मचारियों को सूचना मिली कि शाहजहांपुर की ओर से आ रही एमआईजीके कोयला रैक के एक वैगन से धुआं निकल रहा है। गार्ड ब्रेक यान से यह वैगन छठे नंबर का है। इस सूचना के बाद जंक्शन पर खलबली मच गई। मामले की तुरंत सूचना दमकल विभाग को दी गई। मालगाड़ी 10 बजकर 20 मिनट पर जंक्शन की लाइन नंबर तीन पर पहुंची तो वैगन के डाले से किनारों के अंदर से धुआं निकल रहा था। मालगाड़ी रुकते ही वाटरिंग प्लांट के पाइप से कर्मचारियों ने पानी डालना शुरू कर दिया। साथ ही फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई लेकिन उससे पहले ही आग को काबू कर लिया गया। आशंका है कि गर्मी बढ़ने या फिर ओएचई लाइन की चिंगारी निकलने के कोयला से लदी मालगाड़ी के वैगन में कोयला ने गर्मी पकड़ी होगी। पानी डालने के बाद धुआं निकलना कम हुआ तो 11 बजकर 10 मिनट पर मालगाड़ी को रवाना कर दिया गया।
सत्यवीर सिंह, स्टेशन अधीक्षक-
आग लगने की घटना नहीं हुई है। कोयला से लदी रैक के अंदर से धुआं निकल रहा था। सूचना मिली तो स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर पानी डालकर इसे बुझाया गया था। धुआं निकलने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
ये भी पढ़ें- बरेली: सेटेलाइट से बीसलपुर चौराहे तक पुलिस ने की बैरिकेडिंग
