लखनऊ: जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपी को सीबी-सीआईडी ने किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र के लतीफपुर गांव में दो वर्ष पूर्व जहरीली शराब के सेवन से छह लोगों की मौत के मामले में सीबी-सीआईडी ने शुक्रवार को मुख्य आरोपी सुनील कुमार सिंह को उसके घर से गिरफ्तार किया है। बंथरा के ऐन गांव के निवासी सुनील कुमार सिंह (49) पर 25 हजार रुपये …

लखनऊ। लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र के लतीफपुर गांव में दो वर्ष पूर्व जहरीली शराब के सेवन से छह लोगों की मौत के मामले में सीबी-सीआईडी ने शुक्रवार को मुख्य आरोपी सुनील कुमार सिंह को उसके घर से गिरफ्तार किया है। बंथरा के ऐन गांव के निवासी सुनील कुमार सिंह (49) पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

डीसीपी मध्य अपर्णा रजत गौतम ने बताया कि 12 नवंबर 2020 को बंथरा के लतीफ नगर गांव में जहरीली शराब के सेवन से कई लोग गंभीर हो गए थे। इलाज के दाैरान छह लोगों की मौत हो गई थी। 15 से अधिक लोग गंभीर रूप बीमार हो गए थे। मृतकों में रसूलपुर निवासी सुंदरलाल, मो. अनीस, निर्मल, चुन्नी लाल और लतीफ नगर निवासी राजकुमार व अजय यादव शामिल थे। शराब कांड के बाद से मुख्य आरोपी शराब दुकान का कोटेदार सुनील कुमार सिंह फरार था।

सीबी सीआईडी को स्थानांतरित हुआ था मामला

बंथरा थाना प्रभारी ने बताया कि शराब कांड के करीब पांच माह बाद अप्रैल 2021 में मामले की जांच सीबी सीआईडी को ट्रांसफर कर दी गई थी। मामले में पूर्व में दो लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी सुनील फरार था। सुनील परिजनों से मिलने ऐन गांव आया हुआ है। पुलिस ने छापेमारी कर उसे धर दबोचा है।

सरकारी ठेके पर बेचता था नकली शराब

सुनील सरकारी ठेके का कोटेदार था। इसके अलावा वह नकली शराब भी बनाता था। नकली शराब तैयार कर वह सरकारी ठेके से बेचता था। नकली शराब बेचने के मामले में सुनील के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: किराना व्यवसायी से डेढ़ लाख की लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

संबंधित समाचार