रामपुर : 350 स्थानों पर छापेमारी कर पकड़ी बिजली चोरी, एफआईआर दर्ज
रामपुर, अमृत विचार। शहर में बिजली निगम की ओर से छापेमारी अभियान में 350 से ज्यादा लोगों के यहां चोरी से बिजली जलती हुई मिली। कहीं हीटर, एयर कंडीशन समेत कई बिजली उपकरण चलते मिले, यह देख बिजली निगम के अफसर दंग रह गए। बिजली निगम के अफसरों का कहना है कि पानी के पाइप …
रामपुर, अमृत विचार। शहर में बिजली निगम की ओर से छापेमारी अभियान में 350 से ज्यादा लोगों के यहां चोरी से बिजली जलती हुई मिली। कहीं हीटर, एयर कंडीशन समेत कई बिजली उपकरण चलते मिले, यह देख बिजली निगम के अफसर दंग रह गए। बिजली निगम के अफसरों का कहना है कि पानी के पाइप सहारे चोरी से बिजली जलती हुई पाई गयी। भोर के समय टीम ने कई मोहल्लों में अभियान चलाया। अभियान में हाइडिल विजिलेंस की टीम लेकर सुबह पांच बजे ही पहुंच गए और घरों में प्रवेश कर चेकिंग की गई।
शनिवार को सुबह पांच बजे से ग्यारह बजे तक अभियान अधिशासी अभियंता भीष्म कुमार तोमर के निर्देशन में मोहल्ला पहाड़ी गेट, डूंगरपुर, पनवड़िया, अजीतपुर और नवाबगेट में अभियान चलाया गया। इस दौरान घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई, यह लोग अवैध तार डालकर, मीटर से पहले कट लगाकर अवैध रुप में बिजली का प्रयोग करते पाए गए जो बिजली चोरी की श्रेणी में आता है। सभी के खिलाफ बिजलीघर थाने में रिपोर्ट कराई गई। घरों से केबिल भी जब्त किया गया है।
वहीं इसके अलावा डूंगरपुर बिजलीघर के मोहल्ला घेर मुहाब खां मंदिर वाली गली में एसडीओ आरके गुप्ता ने बिजली कर्मचारियों के संग छापेमारी की गई, इस दौरान टीम को छह स्थानों से बिजली चोरी मिली। इंटरलाकिंग सड़क के नीचे चोरी की नियत से तार डालकर बिजली चोरी मिली। इसके अलावा कई स्थानों से मीटर से पहले कट लगाकर बिजली चोरी होती मिली। इसके अलावा एसडीओ तृतीय विनय कुमार ने भी पहाड़ी गेट, घेर बाज खां, घेर तोगा, बिलासपुर गेट, नानकार और पुराना गंज से 65 स्थानों से बिजली चोरी मिली, एसडीओ ने बताया कि बाइपास के सहारे, अंडरग्राउंड केबिल बाक्स में एकस्ट्रा तार डाल रखे हैं।
चेकिंग से शहरवासियों में त्राहि त्राहि
जिस तरीके से शहर में बिजली निगम के अफसर चेकिंग कर रहे हैं। बिजली चेकिंग से शहरवासी काफी परेशान है। उनका कहना है कि एक तरफ बिजली कटौती हो रही है। दूसरी तरफ सुबह होते ही चेकिंग हो रही है। बिजली निगम के अफसरों का कहना है शहर में सबसे ज्यादा लाइनलास है जिस पर अंकुश लगाया जाएगा, बिजली चोरी का बंद कराया जाएगा।
कई की होगी गिरफ्तारी
बिजली चोरी में कई की अरेस्टिंग होनी है जोकि जल्द होगी। बिजली निगम के अफसरों का कहना है कि पूर्व में कई ऐसे लोगों पर चोरी में पकड़ा गया था, उन्हें हिदायत दी थी कि भविष्य में आगे ऐसा किया गया तो कार्रवाई अवश्य होगी। वह लोग नहीं मान रहे धड़ल्ले से बिजली चोरी कर रहे हैं ऐसे मे 100 से 125 लोगों को चिंहित किया गया है जिनकी जल्द ही अरेस्टिंग होगी।
डूंगरपुर, पहाड़ी गेट बना चोरी का गढ़
शहर में तकरीबन 12 बिजली घर हैं, जिनमें आठ फीडर ऐसे हैं जिन पर अस्सी फीसद लाइनलास है। डूंगरपुर, पहाड़ी गेट बिजली घर चोरी का गढ़ बन गया है। ऐसे में शिकंजा कसने के लिए निगम की ओर से हर तरह का हथकंडा अपना रहे हैं। उसके बाद भी बिजली चोरी थमने का नाम नहीं ले रही है। बिजली चोरी रोकथाम को अभियान रात दिन तक चलाया जाएगा।
एक्सईएन भीष्म कुमार तोमर ने बताया कि बिजली चोरी में 350 लोगों से ज्यादा लोगों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिसमें पनवड़िया, पहाड़ी गेट, अजीतपुर, नवाबगेट और डूंगरपुर में अभियान के तहत कार्रवाई की गई है अभियान लगातार जारी रहेगा।
ये भी पढ़ें : रामपुर : अवैध खनन करने वाले 13 लोगों पर 1.83 करोड़ का जुर्माना
