लखीमपुर खीरी: दरोगा ने जड़े थप्पड़ तो बारातियों ने किया हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी,अमृतविचार। सौजन्या चौराहा पर लगा भीषण जाम हटाने पहुंचे दरोगा की बारातियों से नोकझोक हो गयी। इस दौरान दरोगा भड़क गया और उसने आपा खो दिया। भड़के दरोगा ने एक युवक को कई थप्पड़ जड़ दिए। इससे बाराती भी भड़क उठे। बरातियों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ते देख दरोगा बैकफुट पर …

लखीमपुर खीरी,अमृतविचार। सौजन्या चौराहा पर लगा भीषण जाम हटाने पहुंचे दरोगा की बारातियों से नोकझोक हो गयी। इस दौरान दरोगा भड़क गया और उसने आपा खो दिया। भड़के दरोगा ने एक युवक को कई थप्पड़ जड़ दिए। इससे बाराती भी भड़क उठे। बरातियों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ते देख दरोगा बैकफुट पर आ गया। लोगों ने किसी तरह से बारातियों को समझाबुझाकर मामले को शांत कराया।

शहर की गुरुगोविंद सिंह चौक से लेकर राजापुर को जाने वाली सड़क शहर की प्रमुख सड़क है। इसी मार्ग पर विकास भवन के साथ ही पुस्तकालय, बीएसए और डीआईओएस कार्यालय भी है। इसके अलावा सौजन्या चौराहा के आसपास करीब छह मैरिज लान है, लेकिन मैरिज लान के पास पार्किंग की व्यवस्था नहीं है।

इससे सहालगों के दौरान सौजन्या चौराहा पर अक्सर भीषण जाम लग जाता है। सोमवार को भी सौजन्या चौराहा स्थित चार मैरिज हालों पर वैवाहिक समारोह थे। चार पहिया वाहनों से लेकर डीजे, रोड़ लाइट और बाराती सभी सड़कों पर थे। उधर ईद की पूर्व सन्ध्या होंने के कारण भी सड़कों पर भारी भीड़भाड़ थी।

रात करीब 9:30 बजे भीड़भाड़, वाहनों के सड़कों पर होने के कारण जाम लग गया। कई वाहन, बसे और एम्बुलेंस भी जाम में फंस गई। हालात यह हो गए कि पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। कार चालकों ने भी आड़े, तिरछे वाहन लगा रखे थे। इससे हालात और अधिक खराब हो गए।

भीषण जाम की सूचना पर चौकी प्रभारी रोडवेज टीटू कुमार मौके पर पहुंच गए। दरोगा के निशाने पर सड़क पर बजने वाला डीजे और बराती थे। पहले तो सड़क पर डीजे बजाने और जाम लगाने को लेकर दरोगा और बारातियों के बीच जमकर तू-तू में-में हुई। इस पर दरोगा अपना आपा खो बैठा और एक युवक को कई थप्पड़ जड़ दिये। यह देख बराती आक्रोषित हो उठे और हंगामा होने लगा। मामला तूल पकड़ते देख दरोगा बैकफुट पर आ गया। लोगों ने किसी तरह समझा बुझाकर बारातियों को शांत कर मामले को निपटाया।

प्रमुख चौराहा फिर भी पुलिस  नहीं करती कोई पुख्ता इंतजाम

सौजन्या चौराहा शहर का प्रमुख और सबसे वयस्त चौराहा है। वजह है कि इसी मार्ग से सीतापुर, बहराइच, गोला आदि स्थानों को आने-जाने वाली रोडवेज बसे, टेपों, ई-रिक्शा आदि आते जाते हैं। इसी चौराहे से नौरंगाबाद जाने वाली रोड़ भी काफी व्यस्त रहती है।

वैसे तो सुबह से शाम पांच बजे तक इस चौराहा पर यातायात पुलिस दिखती है। इसके बाद पुलिस कर्मी नदारद हो जाते हैं। इससे इस चौराहे पर ट्रैफिक भी बे लगाम हो जाता है। पुलिस की लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

पटरी छोडिए, सड़क पर लगे हैं ठेले और खोमचे

गुरु गोविंद सिंह चौक से लेकर शहर के अनुपम नर्सिंग होम तक सड़क पर ठेले, खोमचे लगे हैं। यहां तक तो ठीक है, लेकिन कुछ दुकानदारों ने बकायदा रोड तक अस्थायी दुकान का निर्माण कर रखा है और नॉनवेज की बिक्री करता है। इस दुकान के मालिक ने पटरी तो छोड़ दिजिए। सड़क तक कब्जा जमा रखा है। दुकानदारों के अतिक्रमण करने से सड़क काफी संकीर्ण हो गई है। अतिक्रमण होने के कारण भी जहां आए दिन इस क्षेत्र में दुर्घटनाएं होती रहती रहैं। नगरपालिका और पुलिस के अधिकारियों की इन दुकानों और ठेलों पर नजर नहीं जाती है।

जाम की सूचना पर पुलिस गई थी। दरोगा द्वारा किसी को थप्पड़ मारे जाने के मामले की जानकारी नहीं है। यदि इस विषय में कोई तहरीर आती है तो जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।—संदीप सिंह, सीओ सिटी

संबंधित समाचार