अमरोहा : कैंटर से 35 लाख का सामान चोरी कर की थी नेमपाल की हत्या, पांच आरोपी गिरफ्तार
अमरोहा,अमृत विचार। पुलिस को 16 दिन बाद बड़ी सफलता मिली है। पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की टीम ने ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा किया है। पुलिस ने पांच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से चोरी किया गया सामान और घटना में प्रयुक्त कार भी पुलिस ने बरामद कर ली। पुलिस अधीक्षक …
अमरोहा,अमृत विचार। पुलिस को 16 दिन बाद बड़ी सफलता मिली है। पुलिस, सर्विलांस और एसओजी की टीम ने ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा किया है। पुलिस ने पांच शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से चोरी किया गया सामान और घटना में प्रयुक्त कार भी पुलिस ने बरामद कर ली।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों के विरूद्ध अभियान चलाया जा रहा है। बतातें चले कि 17 अप्रैल को थाना आदमपुर क्षेत्र के ग्राम दढियाल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। जानकारी मिलने पर एएसपी, थाना आदमपुर पुलिस, फोरेंसिक टीम ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन किये थे। मृतक की शिनाख्त नेमपाल पुत्र शैतान सिंह निवासी जनपद बदायूं के रुप में हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का खुलासा धारदार हथियार से नेमपाल की गर्दन पर वार कर आया था। नेमपाल के भाई कर्रु पुत्र शैतान सिंह निवासी ग्राम जरीफनगर ने 18 अप्रैल को शक के आधार पर दो नामजद व्यक्तियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा पंजीकृत कराया था।
मंगलवार को एसपी विनीत जायसवाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना के शीघ्र खुलासे के लिए क्षेत्राधिकारी हसनपुर के नेतृत्व में टीमों का गठन करते हुए एसओजी एवं सर्विलांस टीम अमरोहा व प्रभारी थाना आदमपुर को निर्देशित किया। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम के अथक प्रयास से घटना का खुलासा हो पाया। पुलिस ने पांच अभियुक्त पकड़े, जिनमें विनोद उर्फ चीकू, विपिन, धीरेन्द्र, अजेन्द्र, प्रमोद उर्फ टीटू को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशादेही पर कैंटर से लूटा हुआ करीब 35 लाख रुपये का माल (मोबाइल डिस्प्ले), घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट गाड़ी व आलाकत्ल (फावड़ा) भी बरामद कर लिया।
पूछताछ पर अभियुक्तों ने बताया कि ज्यादा पैसे कमाने के लालच में योजना बनाकर मृतक नेमपाल के कैंटर में रखे कीमती सामान को दूसरी गाडियों की मदद से चोरी करना बताया। मृतक व अभियुक्त नोएडा की एक ही ट्रांसपोर्ट से सैमसंग कम्पनी के माल को लाने व ले जाने का काम करते थे व जनपद बदायूं के रहने वाले थे। जिस कारण आपस में परिचित थे। योजना के मुताबिक अभियुक्तों द्वारा 16 अप्रैल को जब मृतक नेमपाल अपनी गाड़ी कैंटर 32 फुटा में सैमसंग कम्पनी नोएडा से माल लेकर दूसरी कम्पनी में जा रहा था। तभी रास्ते में अभियुक्त विनोद उर्फ चीकू, विपिन व धीरेन्द्र ने इशारा कर कैंटर को रुकवा लिया और ट्रक में ही बैठकर शराब पीने लगे और बहाने से नेमपाल के शराब के ग्लास में नींद की गोली मिला दी।
जिसे पीकर नेमपाल बेसुध हो गया व कैंटर को एकांत जगह ले गये। वहां उन्होंने अपने साथी प्रमोद उर्फ टीटू को गाड़ी लेकर बुलवा लिया। स्विफ्ट में सारा माल न आने के कारण रुपयों का लालच देकर अजेन्द्र पुत्र प्रेम सिंह निवासी मौहल्ला मौहाली कस्बा व थाना इस्लाम नगर जनपद बदांयू को बुलैरो लेकर बुला लिया और चोरी किया हुआ सारा माल बुलेरो में लदवाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिये भेज दिया। घटना के खुलासे के डर से नेमपाल की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी और शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गये थे। एसपी ने टीम को 25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार भी दिया।
गिरफ्तार करने वाली टीम
थानाध्यक्ष कृपाल सिंह थाना प्रभारी, उपनिरीक्षक संजय कुमार प्रभारी सर्विलांस सेल, उपनिरीक्षक संदीप बालियान, उपनिरीक्षक संदीप चौधरी एसओजी एवं स्वाट टीम, हेड कांस्टेबल गौरव शर्मा सर्विलांस, लोकेंद्र बालियान, मानवेंद्र सिंह, विजय शर्मा, नवल किशोर, लवी चौधरी सर्विलांस सेल, अरविंद शर्मा, राकेश कुमार, आशीष एसओजी टीम रहे।
ये भी पढ़ें : अमरोहा : जिले भर में धूमधाम से मनाई गई ईद, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
