मुरादाबाद : पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश गिरफ्तार, साथी फरार
मुरादाबाद,अमृत विचार। सराफा की दुकान में घुसकर दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देने के आरोपी बदमाशों से गुरुवार तड़के ठाकुरद्वारा पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से एक बदमाश मौके से पकड़ा गया। जबकि उसका साथी चकमा देकर भागने में सफल रहा। मुठभेड़ में एक सिपाही को भी …
मुरादाबाद,अमृत विचार। सराफा की दुकान में घुसकर दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देने के आरोपी बदमाशों से गुरुवार तड़के ठाकुरद्वारा पुलिस की मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से एक बदमाश मौके से पकड़ा गया। जबकि उसका साथी चकमा देकर भागने में सफल रहा। मुठभेड़ में एक सिपाही को भी चोटें आईं। घायल बदमाश व सिपाही का उपचार चल रहा है।
एसपी ग्रामीण विद्या सागर मिश्र के मुताबिक गुरुवार को तड़के ठाकुरद्वारा थाना प्रभारी मोहित चौधरी मुखबिर की सूचना पर दलबल के साथ कमालपुर तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। तभी एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध कस्बे की तरफ आते दिखे। पुलिस ने बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की। बाइक सवार पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश करने लगे। तब पुलिस ने बाइक सवारों का पीछा किया। कुछ ही दूर पर आम के बगीचे के पास बदमाशों की बाइक फिसल गई। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंकना शुरू कर दिया।
जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में लग गई। अफरा तफरी के बीच दूसरा बाइक सवार मौके से भागने में सफल रहा। गोली से घायल बदमाश की पहचान जाकिर बहरा निवासी चक्कर की मिलक सिविल लाइंस, मुरादाबाद के रूप में हुई। मुठभेड़ में आरक्षी विनीत पाल के पैर में चोटें आईं। घायल बदमाश व सिपाही को उपचार के लिए ठाकुरद्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक जाकिर के खिलाफ ठाकुरद्वारा थाने में लूट का मुकदमा दर्ज है। जाकिर की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। जाकिर के कब्जे से 7,420 रुपये, एक तमंचा, एक खोखा व एक कारतूस के अलावा चोरी की एक बाइक बरामद हुई। इसके अलावा सराफा कारोबारी की दुकान से लूटी गई एक अंगूठी बरामद करने में पुलिस को सफलता मिली। जाकिर के खिलाफ मुरादाबाद के सिविल लाइंस, कटघर व ठाकुरद्वारा थाने में अब तक कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : सड़क हादसे में मामा की मौत, भांजा गंभीर घायल
