मुरादाबाद: विवाहिता की गला दबाकर हत्या, पति समेत पांच के खिलाफ मुकदमा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। विवाहिता की गला दबाकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की पुष्टि के बाद पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ छजलैट पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। विवाहिता की हत्या से उसके मायके वाले गहरे …

मुरादाबाद, अमृत विचार। विवाहिता की गला दबाकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की पुष्टि के बाद पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ छजलैट पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। विवाहिता की हत्या से उसके मायके वाले गहरे सदमे में हैं।

छजलैट थाना क्षेत्र में ग्राम फतेहपुर विश्नाेई निवासी शेखर विश्नोई के मुताबिक दस मार्च 2016 को उनकी बहन राखी की शादी गांव के ही सौरभ विश्नोई से हुई थी। विवाह के कुछ दिन बाद ही दहेज लोभी ससुराली राखी को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। ससुराली राखी पर दहेज के रूप में पांच लाख रुपये व कार मायके से लाने का दबाव बनाने लगे। राखी ने आपबीती मायके वालों से कही।

छह माह पहले मायके वालों ने राखी के ससुरालियों को दहेज के रूप में दो लाख रुपये भी दिए। इसके बाद भी राखी का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। पांच अप्रैल को राखी का छोटा भाई हिमांशु बहन से मिलने मायके गया। तब पति सौरभ, सास किरन, ससुर रामराज सिंह, देवर राहुल व ननद उपासना राखी के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे थे। गंभीर रूप से घायल बहन को बचाने की कोशिश में जुटे हिमांशु ने शोर मचाते हुए हमलावरों का प्रतिरोध किया। हिमांशु को जान से मारने की धमकी देते हमलावर फरार हो गए।

घायल बहन को साथ लेकर हिमांशु व उसके घर वाले कांठ रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित करते हुए घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। चिकित्सकों के मुताबिक महिला की मौत गला घोंट कर की गई है। मृतका के शरीर पर चोट के कई और निशान भी मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद छजलैट थाना प्रभारी ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।

पिता ने छीन बेटी के सिर से मां का साया

मुरादाबाद : रिश्तों का कत्ल मुरादाबाद में थमने का नाम नहीं ले रहा। अपने ही अपनों के खून के प्यासे हो चले हैं। छजलैट की नृशंस घटना ने महज तीन साल की अवनी के सिर से मां का साया छीन लिया है। अवनी की मां की हत्या का आरोप पिता व अन्य परिजनों पर है। दिल दहलाने वाली यह घटना एक तरफ जहां मानवीय संवेदनाओं को झकझोरती है, तो दूसरी तरफ संवेदनशील रिश्ते भी सवालों के घेरे में खड़े होते हैं। महज तीन साल की उम्र में मां को खोने वाली अवनी फिलहाल ननिहाल में है। उसकी कातर नजरें मां की तलाश कर रही हैं। मासूम को यह बताने की हिम्मत कोई नहीं जुटा पा रहा कि उसकी मां की हत्या घर वालों ने ही कर दी है। दिल दहलाने वाली घटना से फतेहपुर विश्नोई गांव में सन्नाटा पसरा है।

ये भी पढ़ें:- संभल : अनियंत्रित कार सड़क किनारे पलटी, चालक समेत चार घायल

संबंधित समाचार