बरेली: तहसीलदार सदर के आवास पर हुआ था 1.80 लाख रिश्वत का लेनदेन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगने पर 1.80 लाख रुपये देने के सनसनीखेज आरोप के प्रकरण ने तहसील सदर में हल्ला मचा दिया है। शुक्रवार को दिनभर तहसीलदार सदर के केबिन में हुई मारपीट और अर्दली के नोटों की गिनती करने की वीडियो वायरल होने पर कर्मचारियों के बीच चर्चा होती रही। …

बरेली, अमृत विचार। 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगने पर 1.80 लाख रुपये देने के सनसनीखेज आरोप के प्रकरण ने तहसील सदर में हल्ला मचा दिया है। शुक्रवार को दिनभर तहसीलदार सदर के केबिन में हुई मारपीट और अर्दली के नोटों की गिनती करने की वीडियो वायरल होने पर कर्मचारियों के बीच चर्चा होती रही।

इस बीच तहसील के कई कर्मचारियों के बीच तहसीलदार सदर के आवास पर अर्दली के नोट गिनने का मामला चर्चा में रहा। यह कहा जा रहा है कि यह वीडियो तहसीलदार सदर के आवास पर रिश्वत की रकम के लेनदेन के दौरान बनाया गया था। आरोपी प्रदीप ने गुरुवार को कोतवाली में आरोप लगाया था कि अर्दली को 1.80 लाख रुपये की रकम बतौर रिश्वत दी थी पर अर्दली पूरी रकम मांग रहा था।

इधर, घटना के बाद तहसीलदार सदर शेर बहादुर सिंह ने अर्दली को निलंबित करने की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट एसडीएम सदर कुमार धर्मेंद्र को सौंप दी है। तहसीलदार की रिपोर्ट पर एसडीएम सदर ने अर्दली को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। जवाब मिलने के बाद कार्रवाई करने की बात कही है। तहसीलदार पर लगे आरोपों की जांच भी एसडीएम सदर करेंगे।

भूमाफिया जगमोहन से 27 साल पहले खरीदी भूमि पर हुए विवाद में हुई रिश्वत डील

गायत्री नगर वीर सावरकर नगर निवासी वीरेंद्र सिंह बिष्ट ने 17 जून 1995 में भूमाफिया घोषित जगमोहन से 720 वर्गगज के तीन प्लॉट 240-240 वर्गगज के खरीदे थे। जिस पर वीरेंद्र सिंह ने निर्माण कार्य शुरू किया तो फूल सिंह आदि ने विरोध करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। धमकाने का आरोप भी लगाया गया। इसी विवाद में तहसीलदार के अर्दली से गाटा संख्या सही कराने के नाम पर रिश्वत की डील हुई थी। इधर 26 अप्रैल को वीरेंद्र सिंह बिष्ट ने एसडीएम के यहां शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।

इस पर एसडीएम सदर कुमार धर्मेंद्र ने चार सदस्यीय कमेटी से जांच कराई। इसके बाद 28 अप्रैल को जिलाधिकारी को जांच आख्या भेजकर एसडीएम सदर ने बताया कि ग्राम विहारमान नगला में गाटा संख्या 498 से 505 में से 720 वर्गगज भूमि वीरेंद्र सिंह बिष्ट ने क्रय की। क्रेता के विक्रय पत्र में गाटा संख्या 498 से 506 अंकित है, जबकि मौके पर कब्जा किसी अन्य गाटा में दिया गया है। इस तरह विक्रेता के द्वारा अन्य भी कई प्रकरण हैं, जिसके संबंध में पूर्व में राजस्व टीम द्वारा जांच की गई थी। जांच आख्या में डीएम को बताया है कि थाना बिथरी चैनपुर में तत्कालीन एसओ अशोक कुमार द्वारा जगमोहन सिंह निवासी आशुतोष सिटी को गैंगेस्टर में भी निरुद्ध किया गया।
रकम देकर वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहा था आरोपी
बरेली। एसडीएम सदर कुमार धर्मेंद्र ने बताया कि आरोपी प्रदीप शातिर है। वह अर्दली को रुपये देने का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहा था लेकिन इस बार उसने इसी वीडियो के सहारे तहसीलदार सदर को ब्लैकमेल करने का प्रयास किया। प्रदीप कई दिनों से तहसील में घूम रहा था। पहले भी उसने रुपये गिनते फोटो वायरल किए थे। आरोपी प्रदीप की कुंडली खंगाली जा रही है। इस तरह के पूर्व में हुए भी मामले उसके सामने आए तो गुंडा एक्ट की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें-

बरेली में टीबी तो बदायूं में पांव पसार रहा कुपोषण

संबंधित समाचार