अयोध्या: कुलपति के खिलाफ शिकायत करना शिक्षक नेता को पड़ा महंगा, अब शिकायतकर्ता की थीसिस पर ही उठाए जा रहे हैं सवाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय में हुई शिक्षक भर्तियों में अनियमितता की शिकायत करना साकेत महाविद्यालय के शिक्षक नेता जनमेजय तिवारी को महंगा पड़ गया। उन्होंने भ्रष्टाचार की शिकायत कुलाधिपति से की थी। इसके बाद कुलपति खेमे ने पलटवार में शिकायतकर्ता की थीसिस पर ही सवाल खड़ा कर दिया है। कुलपति पर नियम विरुद्ध व सजातीय लोगों …

अयोध्या। अवध विश्वविद्यालय में हुई शिक्षक भर्तियों में अनियमितता की शिकायत करना साकेत महाविद्यालय के शिक्षक नेता जनमेजय तिवारी को महंगा पड़ गया। उन्होंने भ्रष्टाचार की शिकायत कुलाधिपति से की थी। इसके बाद कुलपति खेमे ने पलटवार में शिकायतकर्ता की थीसिस पर ही सवाल खड़ा कर दिया है। कुलपति पर नियम विरुद्ध व सजातीय लोगों की भर्ती का गंभीर आरोप है। शिक्षक नेता ने थीसिस जांच को शिकायत की प्रतिक्रिया बताया है।

कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह की शिकायत राज्यपाल, मुख्यमंत्री व केंद्रीय शिक्षा मंत्री से कई लोगों ने की है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी डॉ रजनीश सिंह, एडवोकेट व पत्रकार नाथ बख्श सिंह सहित कई लोग शामिल हैं। अभी कुलपति खेमे के निशाने पर पहले शिकायतकर्ता साकेत महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर, शिक्षक नेता जन्मेजय तिवारी ही हैं। कुलपति के भ्रष्टाचार को लेकर यह लड़ाई और दिलचस्प होने की उम्मीद है।

विश्वविद्यालय में निर्माण, वाहनों के दुरुपयोग को लेकर भी कुलपति पर आरोप लग रहे हैं। योगी सरकार पर आरोप लग रहा है कि वह ओबीसी कोटे के पदों पर सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों की भर्ती कर रही है, जबकि अवध विश्वविद्यालय में ठीक इसके उलट भर्तियां हो रही हैं। भाजपा नेता डॉ. रजनीश सिंह ने मांग की है कि कुलपति के कार्यकाल की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।

अवध विश्वविद्यालय के कुलसचिव उमानाथ ने शिकायत कर्ता जन्मेजय तिवारी को पत्र भेजकर उनकी थीसिस की हार्ड व साफ्ट कॉपी मांगी है। उन पर आरोप है कि उन्होंने कॉपी पेस्ट करके पीएचडी की डिग्री हासिल की है। जनमेजय तिवारी ने बताया कि कुलसचिव का पत्र मुझे मिला है जिसमें मुझसे थीसिस मांगा गया है। कुलसचिव का पत्र मेरी शिकायत की प्रतिक्रिया है। असल में विश्विद्यालय प्रशासन पूरी तरह से डरा हुआ है और बदले की कार्रवाई में लगा हुआ है।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: कुलपति ने अंबेडकरनगर में परीक्षा केन्द्रों का किया निरीक्षण, तीन परीक्षार्थी नकल करते धरे गए

संबंधित समाचार