अयोध्या: 40 दिन में खरीदा 1600 मीट्रिक टन गेहूं, लक्ष्य ‘दूर की कौड़ी’, 15 जून तक ही होनी है खरीद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या। बाजार भाव, उतराई-छनाई और भाड़ा इस बार सरकारी गेहूं खरीद पर बेहद भारी पड़ रहा है। तमाम कोशिशों के बाद भी जिले में गेहूं खरीद की हालत बेहद खस्ता है। पूरी सरकारी मशीनरी लगा देने के बाद भी किसान गेहूं क्रय केंद्रों की ओर रुख नहीं कर रहा है। ऐसे में निर्धारित 15 जून …

अयोध्या। बाजार भाव, उतराई-छनाई और भाड़ा इस बार सरकारी गेहूं खरीद पर बेहद भारी पड़ रहा है। तमाम कोशिशों के बाद भी जिले में गेहूं खरीद की हालत बेहद खस्ता है। पूरी सरकारी मशीनरी लगा देने के बाद भी किसान गेहूं क्रय केंद्रों की ओर रुख नहीं कर रहा है। ऐसे में निर्धारित 15 जून तक गेहूं खरीद का लक्ष्य पूरा होना तो दूर उसके आसपास भी फटक पाना नामुमकिन लग रहा है। इसे खुद खाद्य एवं विपणन विभाग के आला अधिकारी स्वीकार रहे हैं। यह हाल तब है जब कमिश्नर तक गेहूं खरीद को लेकर 5-6 बार समीक्षा बैठक कर चुके हैं।

जिले में गेहूं खरीद एक अप्रैल से शुरू किये जाने का दावा किया गया था, लेकिन हकीकत यह है कि खरीद 11 अप्रैल से शुरू हुई। जिसे ‘अमृत विचार’ ने प्रमुखता से प्रकाशित भी किया था। सरकारी खरीद तिथि को ही सच माना जाए तो चालीस दिन में महज 1600 मीट्रिक टन ही खरीद हुई है, जबकि इस बार 54 हजार मीट्रिक टन खरीद लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लिहाज से अगले 35 दिनों में संभावित खरीद का अंदाजा सहज रूप से लगाया जा सकता है।

बाजार में आढ़ती दे रहे 135 रुपये ज्यादा

क्रय केंद्रों पर किसानों से 2015 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं की खरीद हो रही है। 20 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से नकद उतराई व छनाई देनी पड़ती है। साथ ही क्रय केंद्र तक गेहूं लाने का भाड़ा अलग से लगता है। वहीं, आढ़ती के यहां बिना किसी झमेले के किसान को गेहूं के 2150 रुपये प्रति क्विंटल की दर से रुपये मिल रहे हैं। गोसाईगंज के दिलासीगंज निवासी किसान द्वारका प्रसाद मिश्रा व मठिया सरैया निवासी किसान रुद्र प्रताप पांडे ने बताया कि क्रय केंद्र पर गेहूं ले जाने के मुकाबिल आढ़तियों को बेचने पर नकद पैसे मिल जाते हैं। इसलिए वे क्रय केंद्र जाना उचित नहीं समझ रहे हैं।

यहां तो बोहनी ही नहीं हुई

साधन सहकारी समिति हयात नगर क्रय केंद्र पर अभी तक कोई भी किसान गेहूं लेकर नहीं आया। केंद्र प्रभारी दीपक सिंह तोमर ने बताया कि पहली अप्रैल से केंद्र पर सन्नाटा ही पसरा है। वहीं गेहूं खरीद को बढ़ावा देने के लिए इस बार प्रत्येक तहसील क्षेत्र में किसानों को प्रेरित करने के लिए टीमें भी बनाई गई हैं। यह टीमें भी बेकार साबित हो रही हैं।

फैक्ट फाइल

निर्धारित लक्ष्य – 54 हजार एमटी
नौ मई तक खरीद – 1600 एमटी
कुल क्रय केंद्र – 57
क्रियाशील- 45
डेडलाइन-15 जून

बाजार भाव और अन्य कारणों से गेहूं खरीद काफी प्रभावित हैं। विभाग पूरा प्रयास कर रहा है, लेकिन स्थिति संतोषजनक भी नहीं बन पा रही है। लगातार प्रयास जारी है…अजीत कुमार सिंह, डिप्टी आरएमओ, अयोध्या।

संबंधित समाचार