संभल: बाइक सवार को ट्रक ने कुचला, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल/सिरसी, अमृत विचार। सम्भल-मुरादाबाद मार्ग पर स्थित मैरिज हॉल के सामने सड़क पर बने गड्ढे से बचने के प्रयास में बाइक सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई, जिसमें बाइक सवार ट्रक के पहिए के नीचे आ गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन …

संभल/सिरसी, अमृत विचार। सम्भल-मुरादाबाद मार्ग पर स्थित मैरिज हॉल के सामने सड़क पर बने गड्ढे से बचने के प्रयास में बाइक सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई, जिसमें बाइक सवार ट्रक के पहिए के नीचे आ गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और हंगामा कर ट्रक में आग लगाने की कोशिश करने लगे। मौके पर पहुंची तीन थानों की पुलिस के समझाने पर परिजन माने। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।

सोमवार को जनपद मुरादाबाद के थाना कटघर के पंडित नगला निवासी 20 वर्षीय चंद्रहास सिंह पुत्र रामवीर सिंह, सचिन सागर व एक अन्य दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर लगन लेकर हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव भमरौआ जा रहा था। बाइक लेकर जैसे ही संभल मुरादाबाद मार्ग पर सिरसी में स्थित मैरिज हॉल के पास पहुंचा। सड़क पर गड्ढे से बचने के चक्कर में बाइक सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई और फिसलकर सड़क पर गिर गई।

बाइक चला रहा चंद्रहास ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गया, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके दोनों दोस्त सही सलामत बच गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। भीड़ की वजह से सड़क पर वाहनों की लंबी लंबी कतार लग गई और चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर भाग गया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और परिजनों को सूचना दी। हादसा की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।

घटनास्थल पर पहुंचे परिजन शव को देखकर हंगामा करने लगे। हंगामा होने की जानकारी मिलने पर थाना नखासा, कोतवाली संभल और असमोली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। एक व्यक्ति माचिस लेकर आग लगाने के लिए ट्रक की ओर दौड़ पड़ा। आग लगाने के लिए उसने माचिस की तीली जला भी ली थी लेकिन पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए व्यक्ति को दौड़कर पकड़ लिया और परिजनों को समझाया।

पुलिस के समझाने पर परिजन मान गए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया और ट्रक को कब्जा में लेकर थाना आ गई। परिजनों ने बताया कि मृतक आर्मी की तैयारी कर रहा था। वह सात भाई और चार बहनों में 10वें नंबर का था। युवक की मौत होने से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। खबर लिखे जाने तक परिजनों की ओर से कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई थी।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : दो दिन बाद मिले चार कोरोना संक्रमित, बढ़ेगा जांच का दायरा

संबंधित समाचार