अयोध्या के इस चौराहे को मिल सकता है लता मंगेशकर का नाम, बोर्ड की बैठक में होगा फैसला
अयोध्या। भारत रत्न लता मंगेशकर की स्मृति में चौराहे के नामकरण को लेकर तैयारी तेज हो गई है। इसे लेकर अयोध्या के दोनों नगरों में चौराहों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। विगत दिनों यहां दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद निगम और जिला प्रशासन तैयारी में लगा हुआ है। …
अयोध्या। भारत रत्न लता मंगेशकर की स्मृति में चौराहे के नामकरण को लेकर तैयारी तेज हो गई है। इसे लेकर अयोध्या के दोनों नगरों में चौराहों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। विगत दिनों यहां दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद निगम और जिला प्रशासन तैयारी में लगा हुआ है।
बताया जाता है कि जिस भी चौराहे का नामकरण भारत रत्न लता मंगेशकर की स्मृति में होगा उसे अत्याधुनिक तरीकों से सुसज्जित किया जायेगा। हालांकि अभी तक तीन चौराहों को इसके लिए चिह्नित किया गया है।
अयोध्या धाम में भारत रत्न से सम्मानित लता मंगेशकर की स्मृति में बनने वाले चौराहे का सौन्दर्यीकरण कैसा हो इसके लिए माडलों का अवलोकन भी किया जा रहा है। बताया जाता है कि चौराहा ऐसा होगा जहां आने वाले उसे निहारते ही रह जाएं। इसके लिए नगर निगम ने अयोध्या धाम के कई प्रमुख चौराहों को चिह्नित भी किया है।
इन चौराहों का बाकायदा एक प्रस्ताव बना कर निगम की आगामी बोर्ड की बैठक में पास करने के लिए पेश किया जाएगा। प्रस्ताव के बाद चयनित चौराहा भारत रत्न लता मंगेशकर के नाम से जाना जायेगा। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार टेढ़ी बाजार, नया घाट और उदया चौराहा चिन्हित किया गया।
जिसका प्रस्ताव बोर्ड की बैठक में प्रस्तुत किया जायेगा। निगम बोर्ड जिस भी चौराहे के नाम को पास करेगा वहां निगम उसके सौन्दर्यीकरण का कार्य शुरू कर देगा। चयनित चौराहा अत्याधुनिक सुविधाओं से होगा लैस होगा। बता दें कि 6 अप्रैल को अयोध्या दौरे पर आए मुख्यमंत्री ने इसके निर्देश दिए थे।
पढ़ें-कानपुर: सुर कोकिला लता मंगेशकर को प्रशंसकों ने दी श्रद्धांजलि
