मुरादाबाद : लूट के बाद पांच दिनों तक भटकती रही पीड़िता, धमकी पर टूटी पुलिस की नींद
मुरादाबाद, अमृत विचार। पुलिस की संवेदनशीलता फिर सवालों के घेरे में है। पांच दिन पहले सरेराह लूट की शिकार महिला सीडीपीओ की गुहार पर कानूनी कार्रवाई की बजाय, पुलिस पूरे मामले को टरकाने में जुट गई। पीड़िता की दलीलों को खारिज करते हुए लूट की घटना की लीपापोती होने लगी। पुलिस के बर्ताव से खिन्न …
मुरादाबाद, अमृत विचार। पुलिस की संवेदनशीलता फिर सवालों के घेरे में है। पांच दिन पहले सरेराह लूट की शिकार महिला सीडीपीओ की गुहार पर कानूनी कार्रवाई की बजाय, पुलिस पूरे मामले को टरकाने में जुट गई। पीड़िता की दलीलों को खारिज करते हुए लूट की घटना की लीपापोती होने लगी। पुलिस के बर्ताव से खिन्न पीड़िता ने बुधवार को जब उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की धमकी दी, तब सिविल लाइंस थाने की नींद टूटी। आनन-फानन में अज्ञात के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज हुआ। गंभीर घटनाओं को नजरंदाज करने की पुलिस की प्रवृत्ति से शासन की मंशा पर पानी फेर गया।
महानगर में चंद्रनगर निवासी इकबाल कौर बाल विकास विभाग की प्रभारी हैं। उनके पति गुरविंदर भाटिया इंडियन ओवरसीज बैंक मेरठ में चीफ मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। इकबाल कौर के मुताबिक शनिवार को वह सीएमओ कार्यालय में आयोजित बैठक में भाग लेने जा रही थीं। साथ में सुपरवाइजर सीमा गुप्ता भी थीं। स्कूटी सवार दोनों महिलाएं ग्रीन मीडोज स्कूल के समीप पहुंची थी। इकबाल कौर के पास एक पर्स था। पर्स में आठ हजार रुपए, दो मोबाइल फोन, डायरी व आफिस से संबंधित कागजात रखे थे। तभी बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर सीडीपीओ का पर्स लूट लिया। पलक झपकते ही बाइक सवार बदमाश ओझल हो गए। सरेराह लूट की वारदात से कुछ देर तक वह हक्का-बक्का होकर खड़ी रहीं। फिर सरेराह लूट होने की सूचना उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस को दी। तब एसएसआई अभयराज सिंह मौके पर पहुंचे।
महिलाओं की सूचना पर कानूनी कार्रवाई की बजाय उन्होंने ने गेंद कैंप चौकी इंचार्ज के पाले में फेंक दी। एसएसआई ने पीड़ितों को कैंप चौकी इंचार्ज के पास भेज दिया। चौकी प्रभारी प्रभावी कार्रवाई की बजाय मामले की लीपापोती में जुट गए। ऐसे में पीड़िता को पांच दिनों तक थाने व चौकी के चक्कर काटने पड़े। फिर भी एफआईआर नहीं हुई। तब महिला ने सिविल लाइंस थाने में तैनात पुलिस अधिकारियों को धमकी दी। कहा कि आज यदि मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो वह पुलिस की करतूतों का भंडाफोड़ कर देंगी। पीड़िता ने डीआईजी व एसएसपी से शिकायत करने की धमकी दी। तब सिविल लाइंस पुलिस की नींद टूटी और आनन फानन में अज्ञात के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज किया गया। थाना प्रभारी आरपी सिंह ने बताया कि लूट का मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : शादी में जा रहे चाचा-भतीजे की सड़क हादसे में मौत
