मुरादाबाद: दीवार से टकराई कार, दूल्हा-दुल्हन सहित सात घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। बिलारी थाना क्षेत्र के गांव स्योडारा के बस स्टैंड पर तड़के चार बजे एक सफारी कार दीवार से टकराकर असंतुलित होकर पलट गई। इस दौरान कार में सवार दूल्हा-दुल्हन समेत छह लोग और एक बाइक सवार घायल हो गया। कार चालक को झपकी लगने से हादसा हुआ। सभी घायल सात लोगों को …

मुरादाबाद, अमृत विचार। बिलारी थाना क्षेत्र के गांव स्योडारा के बस स्टैंड पर तड़के चार बजे एक सफारी कार दीवार से टकराकर असंतुलित होकर पलट गई। इस दौरान कार में सवार दूल्हा-दुल्हन समेत छह लोग और एक बाइक सवार घायल हो गया। कार चालक को झपकी लगने से हादसा हुआ। सभी घायल सात लोगों को सीएचसी बिलारी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

संभल जनपद के थाना कुढ़ फतेहगढ़ अंतर्गत धनुपुरा गांव निवासी वीरपाल के बेटे लकी की बरात शनिवार देर शाम थाना कुंदरकी के शेखूपुर सराय गांव गई थी। शादी की रस्म पूरी होने के बाद दूल्हा लकी अपनी दुल्हन हनी को सफारी कार में विदा करा कर अपने गांव धर्मपुरा ले जा रहा था। इस कार में लकी के पिता वीरपाल के अलावा परिवार के ही सत्यपाल सिंह और अजयवीर सिंह भी सवार थे।

कार को धनुपुरा गांव का ही अजय बाबू चला रहा था। स्योडारा गांव के बस चालक अजय बाबू को झपकी आ गई। परिणामस्वरूप कार अनियंत्रित होकर बस स्टैंड के निकट स्थित एक चूड़ी की दुकान में घुस कर पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। कार की चपेट में आकर इसी गांव का यशपाल गंभीर घायल हो गया। यशपाल भी थाना बनियाखेड़ा क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था। बाइक में तेल खत्म हो जाने की वजह से वह पैदल ही अपने घर जा रहा था।

तभी कार की चपेट में आ गया। हादसे में कार सवार दूल्हा-दुल्हन समेत सभी लोगों में हड़कंप मच गया। शोर सुनकर स्योडारा पुलिस चौकी के दरोगा अमित कुमार पुलिस कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। दरोगा ने अन्य ग्रामीणों की मदद से कार को सीधा कराया। इसके बाद उसमें फंसे घायलों को बाहर निकाला। कार में सवार दूल्हा लकी, दुल्हन हनी, वीरपाल, सत्यपाल सिंह, अजयवीर सिंह, अजय बाबू निवासी धनुपुरा और यशपाल निवासी स्योंडारा गंभीर घायल हो गए। सभी घायलों को तीन 108 एंबुलेंस से सीएचसी भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा: फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, सुसाइड नोट मिलने की चर्चा

संबंधित समाचार