Russia Ukraine War : रूस का दावा- डोनबास से 18 हजार लोगों को सुरक्षित निकाला गया
मास्को। डोनेट्स्क और लुगांस्क पीपुल्स रिपब्लिक (डीपीआर और एलपीआर) तथा यूक्रेन के खतरनाक क्षेत्रों से पिछले 24 घंटों में लगभग 18,000 लोगों को सुरक्षित रूस पहुंचाया गया है। रूसी राष्ट्रीय रक्षा नियंत्रण केंद्र के प्रमुख कर्नल जनरल मिखाइल मिज़िंटसेव, जो रूस के मानवीय प्रतिक्रिया समन्वय मुख्यालय का भी नेतृत्व करते हैं, ने यह जानकारी दी। …
मास्को। डोनेट्स्क और लुगांस्क पीपुल्स रिपब्लिक (डीपीआर और एलपीआर) तथा यूक्रेन के खतरनाक क्षेत्रों से पिछले 24 घंटों में लगभग 18,000 लोगों को सुरक्षित रूस पहुंचाया गया है। रूसी राष्ट्रीय रक्षा नियंत्रण केंद्र के प्रमुख कर्नल जनरल मिखाइल मिज़िंटसेव, जो रूस के मानवीय प्रतिक्रिया समन्वय मुख्यालय का भी नेतृत्व करते हैं, ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा,“कीव द्वारा बनाई गई सभी कठिनाइयों के बावजूद, यूक्रेनी अधिकारियों की भागीदारी के बिना, पिछले दिनों में, डोनेट्स्क, लुगांस्क पीपुल्स रिपब्लिक और यूक्रेन के खतरनाक क्षेत्रों से 1,797 बच्चों सहित 17,733 लोगों को रूसी संघ के क्षेत्र में पहुंचाया गया।” उन्होंने कहा कि रूस के विशेष सैन्य अभियान की शुरुआत के बाद से लगभग 2,26,000 बच्चों सहित 13,25,000 से अधिक लोगों को रूस पहुंचाया गया है।
यूक्रेन के सैनिकों द्वारा तीव्र हमलों से सुरक्षा के लिए डोनेट्स्क और लुगांस्क पीपुल्स रिपब्लिक के आह्वान के जवाब में रूस ने 24 फरवरी को यूक्रेन में एक विशेष सैन्य अभियान शुरू किया। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा कि विशेष अभियान, जो यूक्रेनी सैन्य बुनियादी ढांचे को लक्षित करता है, का उद्देश्य यूक्रेन को ‘विसैन्यीकरण’ करना है। रूस ने कहा है कि यूक्रेन पर कब्जा करने की उसकी कोई योजना नहीं है। पश्चिमी देशों ने रूस और बेलारूस पर प्रतिबंध लगाए हैं।
कनाडा ने पुतिन के प्रवेश पर जारी किया प्रतिबंध
टोरंटो। कनाडा ने यूक्रेन में संघर्ष को लेकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और करीब 1,000 रूसी नागरिकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। कनाडा के नागरिक सुरक्षा मंत्री मार्काे मेंडिसिनो ने कहा,“पुतिन शासन के क्रूर हमले के सामने, कनाडा यूक्रेन के साथ खड़ा है और हम रूस को उसके अपराधों के लिए जिम्मेदार ठहराएंगे।” उन्होंने कहा,“इसलिए हमने अभी घोषणा की है कि हम लगभग 1,000 रूसियों – जिनमें श्री पुतिन और उनके साथी शामिल हैं – को कनाडा में प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगा रहे हैं।”
ऑस्ट्रेलिया ने रूसी पत्रकारों पर लगाए नए प्रतिबंध
मास्को। ऑस्ट्रेलिया ने रूस के कई पत्रकारों और सिविल सेवकों को प्रतिबंध सूची में शामिल किया है। इनमें रोसिया सेगोडन्या अंतरराष्ट्रीय सूचना एजेंसी के महानिदेशक दिमित्री किसेलेव, एफएसबी के पहले उप निदेशक सर्गेई कोरोलेव, आरटी के प्रबंध निदेशक एलेक्सी निकोलोव और कार्यवाहक आपात स्थिति मंत्री अलेक्जेंडर चुप्रियन शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया के विदेश मामलों और व्यापार विभाग (डीएफएटी) के एक दस्तावेज में यह जानकारी दी गयी है। ऑल-रशियन स्टेट टेलीविज़न एंड रेडियो ब्रॉडकास्टिंग कंपनी के युद्ध संवाददाता येवगेनी पोद्दुबनी और चैनल वन के होस्ट मिखाइल लियोन्टीव भी इस प्रतिबंध सूची में शामिल हैं। सूची में वैगनर निजी सैन्य कंपनी और दो बेलारूसी उद्यम भी शामिल हैं।
ये भी पढ़ें : ब्रिटेन में मंकीपॉक्स के मामले बढ़ कर हुए सात, समलैंगिक लोगों को सतर्क रहने के लिए कहा गया
