मुरादाबाद: पाकबड़ा में बदमाशों ने तमंचे के बल पर लूटी युवक की बाइक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। पाकबड़ा में मंगलवार देर रात बदमाशों ने तमंचे के बल पर एक युवक से उसकी बाइक व अन्य सामान लूट लिया। सरेराह लूटपाट से महानगर में सनसनी फैल गई है। बदमाशों को दबोचने के लिए पाकबड़ा पुलिस ने जो नाकेबंदी की, उसे धता ठहराते हुए बदमाश सुरक्षित भाग निकले। पीड़ित के भाई …

मुरादाबाद, अमृत विचार। पाकबड़ा में मंगलवार देर रात बदमाशों ने तमंचे के बल पर एक युवक से उसकी बाइक व अन्य सामान लूट लिया। सरेराह लूटपाट से महानगर में सनसनी फैल गई है। बदमाशों को दबोचने के लिए पाकबड़ा पुलिस ने जो नाकेबंदी की, उसे धता ठहराते हुए बदमाश सुरक्षित भाग निकले। पीड़ित के भाई की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। फिलहाल सफलता पुलिस के हाथ से कोसों दूर है।

सिविल लाइन्स थाना क्षेत्र में हरथला का रहने वाला ब्रजपाल पीतल मजदूरी का काम करता है। मंगलवार रात वह बाइक पर सवार होकर गंगा स्नान करने गढ़मुक्तेश्वर निकला। युवक हकीमपुर स्टेशन के पास पहुंचा था, तभी तीन बदमाश तमंचा लहराते हुए रास्ते में खड़े हो गए। बदमाशों ने ब्रजपाल से एटीएम कार्ड, मोबाइल, 500 रुपये व उसकी बाइक लूट ली। फिर ब्रजपाल को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया।

कुछ देर बाद ब्रजपाल होश में लौटा। घटना की जानकारी युवक ने राहगीरों व आसपास मिले लोगों को दी। सूचना पर डायल 112 कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गई। पाकबड़ा थाना प्रभारी मोहित चौधरी भी दलबल के साथ घटनास्थल पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने बृजपाल को सुरक्षित उसके घर पहुंचाया। मंगलवार रात को लगभग 12 बजे बृजपाल के भाई इंद्रपाल ने लूट की तहरीर दी।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू की। बदमाशों की तलाश के लिए आसपास के थानों में नाकेबंदी की गई। देर रात तक लुटेरे पुलिस के हाथ नहीं लगे। पुलिस हाथ मलने पर मजबूर हो गई। घटना के बाबत एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश हो रही है। सर्विलांस टीम भी लुटेरों का लोकेशन तलाश रही है।

झूठ बोलकर पुलिस पचा रही अपराध

अपराध की घटनाओं पर पर्दा डालने की पुलिस पुरजोर कोशिश कर रही है। मंगलवार देर रात युवक से सरेराह लूट की घटना पर पाकबड़ा पुलिस 16 घंटे से भी अधिक समय तक पर्दा डाले रही। पाकबड़ा में लूट होने की किसी को कानोंकान भनक नहीं लगी। हालांकि उच्चाधिकारियों के दबाव में पुलिस को लूट का मुकदमा देर रात भले ही दर्ज करना पड़ा, लेकिन पूरे दिन पाकबड़ा पुलिस क्षेत्र में कोई अपराध न होने की दलील देती रही।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: हत्या के संदेह में कब्र से निकाला महिला का शव

संबंधित समाचार