अमरोहा: शिकायत के बाद भी तालाब की भूमि पर हो रहा भराव, भूमाफिया दे रहे धमकी
अमरोहा/हसनपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पोर्टल पर अवैध कब्जे की शिकायत के बाद भी अधिकारियों एवं राजनीतिक संरक्षण के चलते भू माफियाओं द्वारा रात के अंधेरे में तालाब की भूमि पर भराव किया जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार अधिकारियों के द्वारा उसका फोन रिसीव करना भी बंद कर दिया। जबकि दूसरी तरफ भूमाफिया लगातार शिकायतकर्ता …
अमरोहा/हसनपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पोर्टल पर अवैध कब्जे की शिकायत के बाद भी अधिकारियों एवं राजनीतिक संरक्षण के चलते भू माफियाओं द्वारा रात के अंधेरे में तालाब की भूमि पर भराव किया जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार अधिकारियों के द्वारा उसका फोन रिसीव करना भी बंद कर दिया। जबकि दूसरी तरफ भूमाफिया लगातार शिकायतकर्ता को धमकी दे रहे हैं।
भाजपा की प्रदेश में दूसरी बार सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा तालाबों को अवैध कब्जा मुक्त कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को आदेश कर दिए गए। नगर निवासी भाजपा नेता शुभम अग्रवाल एडवोकेट द्वारा करबला के तालाब की भूमि पर भू माफियाओं द्वारा अवैध कब्जे की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई थी।
लेकिन भाजपा नेता द्वारा मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के बाद भी स्थानीय अधिकारियों द्वारा गंभीरता से नहीं लिया गया। बल्कि अवैध कब्जे के मामले को दबाने के लिए स्थानीय अधिकारियों द्वारा भागदौड़ शुरू कर दी गई। तालाब की भूमि की पैमाइश हुए 6 दिन बीत जाने के बाद भी जांच टीम द्वारा उप जिलाधिकारी के समक्ष अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की जा सकती।
अपनी ही सरकार में भाजपा हसनपुर मंडल मंत्री शुभम अग्रवाल द्वारा न्याय के लिए चक्कर लगाए जा रहे हैं। जब अपनी ही सरकार में भाजपा नेता को इतनी मुश्किल आ रही है तो दूसरे का क्या होगा। शिकायतकर्ता भाजपा नेता शुभम अग्रवाल द्वारा बताया गया कि कोई भी अधिकारी अवैध कब्जे की शिकायत के मद्देनजर कार्यवाही नहीं कर रहा बल्कि लगता है। भू माफियाओं से हमसाज एवं राजनीतिक दबाव के चलते मामले को दबाने में लगे हुए हैं। उनका कहना है कि स्थानीय प्रशासन द्वारा पूरे तरीके से दबाव में कार्य किया जा रहा है। अगर उन्हें स्थानीय स्तर पर न्याय नहीं मिला तो वह न्यायालय की शरण में जाएंगे।
करबला तालाब भूमि की पैमाइश पूरी हो चुकी है,जांच टीम द्वारा रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। उपजिलाधिकारी के अवकाश पर होने के कारण जांच रिपोर्ट सौंपने में देरी हो रही है।क्योंकि अग्रिम कार्रवाई उप जिलाधिकारी के आदेश पर की जाएगी। अभय कुमार,तहसीलदार
करबला तालाब पैमाइश से भू माफियाओं में मचा हड़कंप
हसनपुर। करबला तालाब की भूमि पर भू माफियाओं के कब्जे की शिकायत भाजपा नेता के द्वारा करने के बाद स्थानीय प्रशासन द्वारा पैमाइश होते देखकर अन्य भू माफियाओं में हलचल मच गई है। पिछले कुछ वर्षों में हसनपुर के चारों कोनों पर भू माफियाओं द्वारा हरियाली को काटकर अवैध प्लाटिंग की गई है। जो नियमों के विरुद्ध है। नगर के भू माफियाओं को अब इस बात का डर सता रहा है कहीं उनकी प्लॉटिंग की जांच शुरु ना हो जाए। प्रशासन की कार्रवाई से बचने के लिए हर कोई भू माफिया अब अपने राजनीतिक गॉडफादर की शरण में जाने लगा है। अब देखना यह है कि भू माफियाओं पर प्रशासन क्या कार्यवाही करता है।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: 46 लाख के बकायेदार पर चला प्रशासन का डंडा, मौके से चार ट्रैक्टर किए जब्त
