मुरादाबाद : फर्जी मेडिकल लगाने वाले सिपाही पर मुकदमा
मुरादाबाद,अमृत विचार। उपचार कराने के नाम पर 76 दिन तक ड्यूटी से गायब रहने वाले आरक्षी पर कार्रवाई की गाज गिर गई है। यूपी डायल 112 पर तैनात सिपाही के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में एसएसपी के आदेश पर धोखाधड़ी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई है। यूपी 112 …
मुरादाबाद,अमृत विचार। उपचार कराने के नाम पर 76 दिन तक ड्यूटी से गायब रहने वाले आरक्षी पर कार्रवाई की गाज गिर गई है। यूपी डायल 112 पर तैनात सिपाही के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में एसएसपी के आदेश पर धोखाधड़ी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की गई है। यूपी 112 के प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह धौनी की ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे में कहा गया है कि राजकुमार नामक आरक्षी यूपी-112 पर तैनात था। उसने 17 जुलाई 2020 को पुलिस लाइन से बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रवाना किया गया।
राजकुमार ने उपचार के बाद पहली अक्टूबर 2020 को 76 दिन बाद पुलिस लाइन में आमद कराई। एसपी ट्रैफिक
अशोक कुमार ने जांच के बाद 14 दिसंबर 2021 को अपनी रिपोर्ट पेश की। इसमें उन्होंने बताया कि आरक्षी ने आमद के समय सवालों के जवाब में उपलब्ध कराए गए प्रपत्रों को जांच के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी मुरादाबाद को भेजा गया था।
सभी ओपीडी स्लिप पर इलाज व बेड रेस्ट की बात गलत
सीएमओ ने जिला चिकित्सालय मुरादाबाद के रिकॉर्ड से जांच करने पर पाया कि सभी ओपीडी स्लिप तो जिला अस्पताल से ही जारी की गईं थीं, मगर उनमें लिखा गया इलाज एवं बेड रेस्ट कूट रचित था। जांच में आरोपी आरक्षी राजकुमार अनाधिकृत रूप से गैरहाजिर होने और इस अवधि के कूट रचित मेडिकल प्रपत्र दाखिल करने का दोषी पाया गया। इस पर एसएसपी हेमंत कुटियाल ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया था। इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह ने बताया कि यूपी 112 के प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह धौनी की तहरीर पर आरक्षी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इसमें जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: फर्जी बिलों से प्रधानाध्यापिका ने किया लाखों रुपये का गबन
