पीलीभीत: बिना अनुमति धर्मस्थल पर लगे लाउडस्पीकर तत्काल हटाएं
अमृत विचार, पीलीभीत। धार्मिक स्थलों पर बिना अनुमति लगाए गए लाउडस्पीकर हटवाए जाने को लेकर चल रही कार्रवाई में पुलिस ने गति दी है। धर्मगुरुओं संग बैठक कर संवाद किया गया। जिसमें उन्हें हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए सहयोग मांगा। यह भी चेतावनी दी गई कि शासन-प्रशासन आदेश का पालन कराने के लिए …
अमृत विचार, पीलीभीत। धार्मिक स्थलों पर बिना अनुमति लगाए गए लाउडस्पीकर हटवाए जाने को लेकर चल रही कार्रवाई में पुलिस ने गति दी है। धर्मगुरुओं संग बैठक कर संवाद किया गया। जिसमें उन्हें हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए सहयोग मांगा। यह भी चेतावनी दी गई कि शासन-प्रशासन आदेश का पालन कराने के लिए सख्त है।
अगर कहीं बाद में बिना अनुमति लाउड स्पीकर प्रयोग पाया गया तो एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। सभी से आग्रह किया गया कि अवैध तरीके से लगे लाउडस्पीकरों को खुद ही हटा दें और फिर नए सिरे से प्रशासन से अनुमति मांगने को आवेदन किया जाए। अनुमति मिलने के बाद ही लाउडस्पीकर लगवाए जाएं।
न्यायालय की सख्ती के बाद योगी सरकार ने नियम विरुद्ध तरीके से धर्मस्थलों पर लगाए गए लाउड स्पीकरों को हटवाने का निर्देश दिया था। यह भी कहा गया था कि जो लाउडस्पीकर अनुमति के तहत लगे होंगे, उनकी आवाज भी सीमित रहे। इसकी जिम्मेदारी पुलिस विभाग को सौंपी गई थी। जिसके बाद थानावार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अपनी रिपोर्ट अधिकारियों के माध्यम से शासन को भेज दी थी।
यह दावा किया गया था कि अवैध तरीके से लगाए गए लाउडस्पीकर हटवा दिए गए हैं। इसी बीच बीते दिनों हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष पंडित पंकज शर्मा, महामंत्री नंद किशोर कश्यप की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने एक ज्ञापन दे दिया। जिसमें कहा गया था कि अभी भी कई धार्मिक स्थलों में नियम विरुद्ध तरीके से लाउड स्पीकर लगे हुए हैं। उनकी आवाज भी तेज आती है। इन पर कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
यह भी कहा गया कि अगर यह नहीं हटाए गए तो विरोध में मंदिरों में तेज आवाज में भजन-कीर्तन लाउडस्पीकर लगाकर किया जाएगा। इस ज्ञापन के बाद एक बार फिर प्रशासन ने इस दिशा में कार्रवाई को गति दी है। समस्त धर्मस्थलों को चेक करते हुए थानावार सूची तैयार की गई है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे कोतवाली में धर्मगुरुओं की बैठक बुलाई गई। जिसमें सभी को शासन की मंशा से अवगत कराते हुए नियमों का पालन करने का पाठ पढ़ाया गया।
इंस्पेक्टर हरीश वर्धन सिंह ने कहा कि प्रशासन का इस मामले में सहयोग करें। जिन धर्मस्थलों में अभी भी बिना अनुमति लाउडस्पीकरों को लगा रखा है, उसे खुद ही जाकर हटवा लें। अगर, बाद में कहीं कोई ऐसा मामला पकड़ा गया तो कार्रवाई तय है। सभी ने सहयोग का आश्वासन दिया। इस मौके पर एसएसआई सदाकत अली, पंडित राजेश बाजपेयी, पंडित अंकुर गोस्वामी, हाफिज इसरार आदि मौजूद थे।
इसे भी पढ़ें- पीलीभीत: भाई से हुई मारपीट के बाद ग्रामीण की संदिग्ध हालात में मौत
