पीलीभीत: छतरी चौराहे पर सिपाही ने व्यापारी को पीटा, बिना वजह किया चालान
पीलीभीत, अमृत विचार। बीती रात चाय की दुकान पर खड़े अपने दोस्त को लेने गए मोबाइल व्यापारी के साथ सुनगढ़ी थाने के एक सिपाही ने अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं सिपाही ने उनके साथ गाली गलौज करते हुए जबरन गाड़ी में बैठा लिया। जहां मेडिकल परीक्षण करने के बाद उनका …
पीलीभीत, अमृत विचार। बीती रात चाय की दुकान पर खड़े अपने दोस्त को लेने गए मोबाइल व्यापारी के साथ सुनगढ़ी थाने के एक सिपाही ने अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं सिपाही ने उनके साथ गाली गलौज करते हुए जबरन गाड़ी में बैठा लिया। जहां मेडिकल परीक्षण करने के बाद उनका चालान कर दिया।
मामले की जानकारी होने पर व्यापारी और हिंदू संगठनों के पदाधिकारी थाने पहुंचे और हंगामा करना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं सिपाही के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पीड़ित व्यापारी के संग थाना गेट पर बैठ गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे अफसरों ने किसी तरह समझा बुझाकर उन्हें कार्रवाई का आश्वासन देते हुए प्रदर्शन समाप्त कराया।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला तुलाराम निवासी हरीश निमरानी ने बताया कि कानपुर का रहने वाला उनका दोस्त शानू यादव शुक्रवार रात दो बजे छतरी चौराहा पर बस से उतरा था। जिसकी सूचना मिलने पर वह उसे बाइक से लेने के लिए छतरी चौराहा पर पहुंचा। इस दौरान चौराहे पर ड्यूटी दे रहे सिपाही कौशलेंद्र ने उन्हें और उनके दोस्त को बेवजह गाली गलौज करते हुए भागाना शुरू कर दिया। जब उसने विरोध किया तो सिपाही ने उनके साथ मारपीट करते हुए जबरन गाड़ी में बैठा लिया और थाने ले आया। जहां उसका मेडिकल करने के बाद चालान कर दिया।
शनिवार को जब मामले की जानकारी व्यापारी और हिंदू संगठनों को हुई तो भाजयुमो, व्यापारी और हिंदू संगठनों के पदाधिकारी इकट्ठा होकर थाने पहुंचे। जहां पीड़ित व्यापारी ने आरोपी सिपाही के द्वारा की गई मारपीट की तहरीर पुलिस को देते हुए कार्रवाई की मांग की। लेकिन कोई भी सुनवाई न होने पर पदाधिकारी भड़क गए और थाने गेट पर बैठते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
थाना दिवस के दिन थाना गेट पर पर प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सीओ सिटी मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने धरना प्रदर्शन कर रहे हिंदू संगठनों को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए मामला शांत कराया। इधर, पीड़ित व्यापारी की ओर से सिपाही कौशलेंद्र के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ सिटी ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने का पूरा आश्वासन दिया है।
थाने पर हंगामा करने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर व्यापारियों और संगठन के लोगों को समझाकर शांत कर दिया गया है। चूंकि मामला देर रात का है। इसलिए व्यापारी की तहरीर पर इस प्रकरण की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। – सुनील दत्त, सीओ सिटी।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: युवती के अश्लील फोटो किए वायरल, रिपोर्ट दर्ज
