पीलीभीत: जिला कारागार से कैदी ने फोन कर अधिवक्ता को धमकाया
पीलीभीत, अमृत विचार। जिला कारागार में बंद एक सजायाफ्ता अपराधी ने फोन कर अधिवक्ता को जान से मारने की धमकी दी। बीसलपुर से चेयरमैन पद के संभावित दावेदार से चल रही रंजिश में धमकी देने का आरोप लगाया गया है। मामला जेल से फोन कर धमकाने का होने के कारण एसपी ने शिकायत मिलने पर …
पीलीभीत, अमृत विचार। जिला कारागार में बंद एक सजायाफ्ता अपराधी ने फोन कर अधिवक्ता को जान से मारने की धमकी दी। बीसलपुर से चेयरमैन पद के संभावित दावेदार से चल रही रंजिश में धमकी देने का आरोप लगाया गया है। मामला जेल से फोन कर धमकाने का होने के कारण एसपी ने शिकायत मिलने पर गंभीरता से लिया। जेल के अधिकारियों से भी बात की गई। जिसके बाद अब जेल प्रशासन ने भी पड़ताल शुरू कर दी है। मामला पूरे दिन चर्चा का विषय बना रहा।
बीसलपुर के रहने वाले अधिवक्ता प्रदीप कुमार मंगलवार को पुलिस लाइन पहुंचे। एसपी से मुलाकात कर एक शिकायती पत्र दिया। जिसमें बताया कि उनकी बीसलपुर के एक व्यक्ति से मुकदमेबाजी को लेकर पुरानी रंजिश चल रही है। वह आए दिन धमकाता रहता है।
छह जून की शाम को जेल में बंद चल रहे एक सजायाफ्ता कैदी ने उन्हें कॉल की। इस दौरान जान से मारने की धमकी दी गई। जेल से शातिर अपराधी द्वारा कॉल कर धमकाने से परिवार डरा सहमा हुआ है। पीड़ित ने पुरानी रंजिश के चलते बीसलपुर के व्यक्ति के इशारे पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। खुद की जान को खतरा जताया।
एसपी दिनेश कुमार पी ने मामले का संज्ञान लिया। जेल अधीक्षक को बुलाकर उनसे शिकायत संबंधी बातचीत की गई। चूंकि जेल से अपराधियों द्वारा फोन कर धमकाने का आरोप था तो विभाग में खलबली मची रही। अफसर खुद हकीकत का पता लगाने के लिए जुट गए। जेल प्रशासन ने भी तमाम तरह की डिटेल खंगालकर सत्यता का पता लगाने का प्रयास किया। जिसमें बंदियों से परिवार वालों से बात कराने को चलाए जा रहे पीसीओ के जरिए काल करने का अंदेशा जताया गया है।
जेल में बंद कैदी द्वारा कॉल कर एक व्यक्ति को धमकाने का मामला संज्ञान में आया है। जिसके बाद गंभीरता से लेते हुए इसकी छानबीन कराई जा रही है। अब तक की जांच में सामने आया है कि बंदियों के लिए संचालित किए जा रहे पीसीओ के जरिए काल की गई है। जांच के बाद सख्त एक्शन लिया जाएगा— शशिकांत सिंह, जेल अधीक्षक।
इसे भी पढ़ें- पीलीभीत: बांसुरी कारीगर को भाई ने चाकू मारा, हालत गंभीर
