संभल: दंगा नियंत्रण के लिए पुलिस लाइन में कराया रिहर्सल
संभल, अमृत विचार। बहजोई नवीन पुलिस लाइन में गुरुवार को पुलिस दंगा नियंत्रण ड्रिल का रिहर्सल कराया गया। इस ड्रिल का मकसद पुलिसकर्मियों को शांति व्यवस्था बनाए रखने और दंगे की स्थिति से निपटने और दंगों पर नियंत्रण के लिए तैयार करना था। पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा के निर्देशन में पुलिस लाइन में कानून एवं …
संभल, अमृत विचार। बहजोई नवीन पुलिस लाइन में गुरुवार को पुलिस दंगा नियंत्रण ड्रिल का रिहर्सल कराया गया। इस ड्रिल का मकसद पुलिसकर्मियों को शांति व्यवस्था बनाए रखने और दंगे की स्थिति से निपटने और दंगों पर नियंत्रण के लिए तैयार करना था।
पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा के निर्देशन में पुलिस लाइन में कानून एवं शांति व्यवस्था के दृष्टिगत दंगा नियंत्रण ड्रिल का रिहर्सल किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न थानों के पुलिस अधिकारियों और सिपाहियों ने प्रतिभाग किया। एसपी द्वारा पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण उपकरण के साथ बलवा ड्रिल का अभ्यास कराया गया। ड्रिल के अभ्यास के दौरान की जाने वाली कार्रवाई के संबंध में सभी पुलिसकर्मियों को दिशा निर्देश दिए।
रिहर्सल के दौरान पुलिसकर्मी दो गुटों में बंटकर रिहर्सल में शामिल हुए। इनमें कुछ पुलिसकर्मी सादा वर्दी में दंगाइयों के रूप में पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। इन्हें खदेड़ने के लिए दौड़ी पुलिस ने न सिर्फ लाठीचार्ज किया, अपितु आंसू गैस के गोले भी चलाए। इस तरह भीड़ को नियंत्रण करने का तरीका बताया गया। इसके अलावा पुलिसकर्मियों को लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले, एंटी राइट गन, टियर गैस, हैंड ग्रेनेड जैसे हथियारों को चलाने और बलवा के दौरान खुद को सुरक्षित रखने के बारे में विस्तार से बताया गया। एसपी ने बताया कि दंगाइयों से निपटना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती होती है।
ऐसे में पुलिस कर्मियों को दंगाइयों को काबू करने के साथ ही अपनी सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना चाहिए। ऐसी प्रतिकूल परिस्थितियों में पुलिस कर्मियों को धैर्य के साथ काम लेना चाहिए। अपनी सुरक्षा तय करते हुए दंगाइयों को नियंत्रित करना व आमजनता को सुरक्षा प्रदान करना पुलिस की प्राथमिकता में होना चाहिए। रिहर्सल का यही उद्देश्य है कि प्रतिकूल समय में पुलिसकर्मी पूरे धैर्य व कार्यकुशलता के साथ अपना काम कर सकें। इस दौरान एएसपी आलोक कुमार जायसवाल, सीओ गुन्नौर डीके शर्मा, सीओ बहजोई गोपाल सिंह, एसडीएम गुन्नौर रामकेश धामा, सीओ चंदौसी राजपाल सिंह मौजूद रहे।
एसपी ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धर्मगुरुओं की साथ बैठक
संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र की सरायतरीन चौकी में पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने पीस कमेटी की बैठक की। बैठक को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि सभी लोग अपने-अपने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखें। जिससे आपसी सौहार्द बना रहे और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें क्योंकि कुछ लोग सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट शेयर कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर आने वाली आपत्तिजनक पोस्ट को आगे शेयर करने से बचें। कोई भी व्यक्ति आपसी भाईचारे को खत्म करने की कोशिश करेगा तो प्रशासन उससे सख्ती से निपटेगा। किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा क्योंकि प्रशासन सभी प्रकार की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। मौजूदा हालात में सभी वर्ग के लोगों को मिल जुलकर रहना चाहिए। बैठक में संभ्रांत और गणमान्य लोग शामिल हुए।
ये भी पढ़ें:- संभल: नो एंट्री में घुसे कंटेनर से टूटी हाईटेंशन लाइन, तेज धमाके के साथ मची अफरातफरी
