बहराइच: आगा खान फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित हुई कार्यशाला, शिशु देखभाल के लिए आशा कार्यकर्ता हुईं प्रशिक्षित
अमृत विचार,बहराइच। आगा खान फाउंडेशन एवं बर्नार्ड वैन लीर फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से संचालित पैरेंट कोचिंग इन 1000 डेज कार्यक्रम के अंतर्गत शिशु की उत्तरदायी देखभाल और शिशु विकास के पड़ाव को लेकर आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चित्तौरा में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए डा० कुवंर रीतेश ने …
अमृत विचार,बहराइच। आगा खान फाउंडेशन एवं बर्नार्ड वैन लीर फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से संचालित पैरेंट कोचिंग इन 1000 डेज कार्यक्रम के अंतर्गत शिशु की उत्तरदायी देखभाल और शिशु विकास के पड़ाव को लेकर आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चित्तौरा में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए डा० कुवंर रीतेश ने कहा कि हर एक बच्चे को जीवन में अच्छी शुरुआत मिले जिससे कि वह स्वस्थ, रचनात्मक और शांतिप्रिय समुदाय के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सके। उन्होंने बताया कि जन्म के शुरुआती दो वर्षों में बच्चों के दिमाग का लगभग 80 फ़ीसदी विकास हो चुका होता है।
इसलिए यह बहुत महत्वपूर्ण है कि इस उम्र में बच्चे के स्वास्थ्य, पोषण और उत्तरदायी देखभाल पर विशेष बल दिया जाए। इसमें आशा कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रशिक्षित आशा समुदाय को जन्म के शुरुआती 1000 दिन के बारे में जागरूक करेंगी । इससे शिशु का समुचित विकास होगा और उसके बेहतर भविष्य के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।
आगा खान फाउंडेशन के प्रशिक्षक प्रदीप मिश्रा ने बताया कि शुरुआती उम्र में बच्चे को जैसा वातावरण और अनुभव मिलता है उसी अनुसार उसके भविष्य का निर्माण होता है। यदि बच्चे को प्यार दुलार और अपनों का साथ मिलता है तो वह सुरक्षा का अनुभव करेगा और समाज को भी उसी नजरिये से देखेगा परन्तु यदि उसने गुस्सा, झगड़ा और दुत्कार देखा है या महसूस किया है तो बड़ा होकर समाज को उसी नजरिये से देखेगा।
उन्होने आशाओं को प्रशिक्षण के दौरान बताया कि उत्तरदायी देखभाल का अर्थ बच्चे की गतिविधियों, आवाज, इशारो, हाव-भाव और वह जो बोलने का प्रयास कर रहा है उसे ध्यान से देख और सुन कर उसकी देखभाल करना है। प्रशिक्षण में बीसीपीएम जयप्रकाश प्रजापति, मुस्तकीम अली तथा आगा खान फाउंडेशन के प्रतिनिधि नीरज शुक्ला एवं प्रदीप मिश्रा उपस्थित रहे।
पढ़ें-स्वस्थ भारत सुनिश्चित करने के प्रयासों में अग्रणी हैं आशा कार्यकर्ता: पीएम मोदी
