रामपुर: जुमे की नमाज को लेकर जिले भर में रहा हाई अलर्ट
रामपुर, अमृत विचार। जुमे की नमाज को लेकर जिले भर में हाई अलर्ट जारी रहा। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत तमाम अधिकारी नमाज के वक्त जिलेभर में भ्रमणशील रहे। सुरक्षा के लिहाज से शहर के चारों ओर पुलिस बल तैनात रहा। नमाज के वक्त जच्चा-बच्चा सेंटर से जामा मस्जिद की ओर जाने वाले रास्ते को …
रामपुर, अमृत विचार। जुमे की नमाज को लेकर जिले भर में हाई अलर्ट जारी रहा। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक समेत तमाम अधिकारी नमाज के वक्त जिलेभर में भ्रमणशील रहे। सुरक्षा के लिहाज से शहर के चारों ओर पुलिस बल तैनात रहा। नमाज के वक्त जच्चा-बच्चा सेंटर से जामा मस्जिद की ओर जाने वाले रास्ते को बेरिकेडिंग लगाकर बंद करा दिया गया। जामा मस्जिद गेट के सामने पुलिस बल के साथ सिटी मजिस्ट्रेट हेमसिंह तैनात रहे। नबी-ए-करीम पर अभद्र टिप्पणी किए जाने पर मुस्लिमों में रोष व्याप्त है। शहर की जामा मस्जिद में मौलवी रेहान खां ने नमाज अदा कराई उन्होंने खुतबे में कहा कि नबी-ए-करीम पर कूड़ा भी फेंका लेकिन, उन्होंने माफ किया। उन्होंने हमेशा अमन और मोहब्बत का पैगाम दिया है इसलिए माफ कर दें।

- नबी ए करीम पर अभद्र टिप्पणी करने से मुस्लिमों में है रोष
- कई स्थानों पर बेरिकेडिंग करके पुलिस ने बनाई थी व्यवस्था
शहर की जामा मस्जिद में शुक्रवार की दोपहर 1:30 बजे खुतबे में मौलाना रेहान खां ने कहा कि नबी ए करीम मोहम्मद मुसतफा सल्लल्लाहो अलैही वसल्लम पर एक बुढ़िया कूड़ा फेंकती थी एक दिन बुढ़िया ने नबी ए करीम पर कूड़ा नहीं फेंका सरकार ए मदीना ने पूछा कि क्या बात आज मेरे ऊपर कूड़ा नहीं फेंका गया। तब किसी ने बताया कि बुढ़िया बीमार हो गई आप उस बुढ़िया की मिजाजपुर्सी के लिए गए और खैरितयत पूछी नबी ए करीम के इस व्यवहार से बुढ़िया इतनी मुतास्सिर हुई की ईमान ले आई और कलमा पढ़ लिया।
मौलाना ने कहा कि नबी ए करीम ने हमेशा लोगों को माफ किया और दुनिया को शांति का पैगाम दिया। उन्होंने कहा कि नबी ए करीम ने कभी बदला नहीं लिया लोगों को माफ करते गए। नबी ए करीम का फरमान है कि सारे फैसले अल्लाह करेगा और वही हिसाब किताब करने वाला है। मौलाना ने कहा कि नबी ए करीम की शान में जो गुस्ताखी करेगा उसका फैसला और हिसाब खुद अल्लाह करेगा। कहा कि कोई ऐसा काम नहीं करें जिससे देश में इस्लाम और मुसलमान की बदनामी हो। मौलाना मोहम्मद रेहान खां ने कुरआन और हदीस की रौशनी में नमाजियों और रामपुर के लोगों से मोहब्बत का माहौल बनाए रखने की अपील की। जामा मस्जिद इंतजामिया कमेटी के सेक्रेट्री मुकर्रम रजा इनायती ने बताया कि जामा मस्जिद में जुमे की नमाज में भारी तादाद में लोग पहुंचे और प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पुख्ता इंतजाम किए थे बताया कि शहर के बाजार भी खुले रहे।
संगीनों के साए में हुई जुमे की नमाज
पूरे शहर में हाई अलर्ट के चलते संगीनों के साए में भारी तादाद में मुसलमानों ने शहर की जामा मस्जिद में नमाज अदा की। शहर के तमाम चौराहों पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा। शहर की जामा मस्जिद के आसपास भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। नमाज के दौरान तमाम खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय रहीं। शांतिपूर्ण तरीके से जुमे की नमाज अदा होने के बाद पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
जुमे की नमाज को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सभी लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से नमाज अदा की है। खुशी की बात है कि हमारे जनपद के लोग शांति प्रिय हैं और गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखना चाहते हैं। उप चुनाव के मद्देनजर प्रशासन संवाद के माध्यम से पहले ही तमाम धर्मगुरुओं से संपर्क में है। फ्लैग मार्च भी लगातार किए जा रहे हैं उम्मीद है कि लोकसभा उपचुनाव भी शांतिपूर्ण तरीके से होगा। रविंद्र कुमार मांदड़, जिलाधिकारी
