मुरादाबाद : बेटी ने खोली पिता के पाप की कलई, कटघर पुलिस ने किया कत्ल का पर्दाफाश
मुरादाबाद,अमृत विचार। कहते हैं, पाप का घड़ा स्वत: ही फूट जाता है। कुछ ऐसा ही हुआ कटघर थाना क्षेत्र के भदौड़ा गांव सपरिवार जीवन यापन करने वाले मोतीराम के साथ। पाप का घड़ा भरते ही मोतीराम की नाबालिग बेटी पिता से बागी हो गई। पुलिस चौकी जाकर बेटी ने एक महिला के कत्ल की वह …
मुरादाबाद,अमृत विचार। कहते हैं, पाप का घड़ा स्वत: ही फूट जाता है। कुछ ऐसा ही हुआ कटघर थाना क्षेत्र के भदौड़ा गांव सपरिवार जीवन यापन करने वाले मोतीराम के साथ। पाप का घड़ा भरते ही मोतीराम की नाबालिग बेटी पिता से बागी हो गई। पुलिस चौकी जाकर बेटी ने एक महिला के कत्ल की वह दर्दनाक दास्तां बताई, जिसे सुनने के बाद पुलिस कर्मियों तक के कान खड़े हो गए। नाबालिग बेटी के दावे की पुष्टि हुई। एक महिला के चार कातिलों के चेहरे बेनकाब हुए। कत्ल के तीन आरोपी पुलिस के हत्थे भी चढ़ गए। एक फरार अभियुक्त की तलाश अभी भी जारी है। घटना में प्रयुक्त वाहन व धारदार हथियार पुलिस ने बरामद कर लिया है।
एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि तीन जून को बिलारी थाना क्षेत्र के तेवर खास गांव की सीमा में एक महिला का क्षत-विक्षत शव पुलिस ने बरामद किया। मृतका का चेहरा ईंट से कूंचल कर बिगाड़ दिया गया था। ढेरों प्रयास के बाद भी मृतका की पहचान नहीं हो पाई। लावारिश के रूप में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम से पता चला कि महिला की हत्या पहले गला घोंट कर किया गया है। मौत सुनिश्चित करने की कोशिश में कातिलों ने ईंट से सिर कुचला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की पुष्टि के बाद बिलारी पुलिस कातिलों की तलाश में जुटी। सात दिन बाद भी बिलारी पुलिस को कातिलों तक पहुंचने में सफलता नहीं मिली।
ऐसे फूटा पाप का घड़ा
कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा के मुताबिक शुक्रवार को सुबह वह क्षेत्र भ्रमण करते दससराय चौकी पहुंचे। तभी एक किशोरी रोते बिलखते वहां आई। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि उसका सौतेला पिता मोतीराम मां को बेरहमी से पीट रहा है। दावे को बल देते किशोरी ने पिता को अभ्यस्त अपराधी बताया। कहा कि कुछ ही रोज पहले सौतेले पिता ने एक महिला का कत्ल भी किया। कत्ल की पूरी कहानी मोतीराम ने नशे में धुत होकर पत्नी व बेटी को सुनाई थी। किशोरी के मुंह से कत्ल के दावे ने पुलिस को चौंका दिया। हालांकि कुछ ही देर में पुलिस चौकी पहुंची किशोरी की मां मामला घर का होने की दुहाई देते किशोरी को अपने साथ लेकर चली गई।
पुलिस ने ऐसे बेपर्दा किया चार कातिलों का चेहरा
मां के लीपापोती के प्रयासों को दरकिनार कर पुलिस किशोरी के दावों की पड़ताल में जुटी। कटघर पुलिस ने पहले मोतीराम मूलनिवासी सिरसी सादा थाना हजरतनग गढ़ी सम्भल को दबोचा। पूछताछ में महिला की हत्या होने की बात मोतीराम ने कबूल की। बताया कि वह फिलहाल कटघर थाना क्षेत्र के भदौड़ा गांव में सपरिवार निवास करता है। मुनेश निवासी उंचागांव उर्फ रुस्तमपुर बढमार थाना कटघर व दयाराम उर्फ दहिया निवासी ग्राम तेवर खास थाना बिलारी उसके दोस्त हैं। दोनों के अलावा रवि से भी उसकी खासी जान पहचान है। चारों दोस्तों नशे व अय्याशी के शौकीन हैं। शौक पूरे करने की चाह में चारों ने बिलारी थाना क्षेत्र में काकटेल पार्टी का आयोजन किया।
मोतीराम ने मौसी के घर आयोजित की काकटेल पार्टी
नशे के आदी चारों दोस्त एक ऐसी महिला की तलाश में जुटे, जो बार डांसर की भांति न सिर्फ जाम परोसे बल्कि खुद का गला भी शराब में सराबोर करे। कलकता में पति को तलाक देने के बाद बिजनौर में मां के साथ जीवन यापन करने वाली युवती से चारों दोस्तों की बातचीत हुई। काकटेल पार्टी की तय तिथि 31 मई को मोतीराम के स्कूटी पर सवार मुनेश व रवि बिजनौर में युवती के पास पहुंचे। वहां से युवती को साथ लेकर वह मोतीराम के मौसेरे भाई दयाराम उर्फ दहिया निवासी ग्राम तेवर खास थाना बिलारी के घर पहुंचे। शाम ढलने के बाद से ही काकटेल पार्टी सवाब पर पहुंच गई। सभी ने छक कर शराब पी। नशे में धुत दयाराम ने युवती संग अनचाही हरकत की। तब युवती ने काकटेल पार्टी का भंडाफोड़ करने की धमकी दी। गुस्से में युवती ने कहा कि वह थाने में जाकर काकटेल पार्टी का भंडाफोड़ करेगी। फिर युवती वहां से भागने की कोशिश करने लगी। युवती के तीखे तेवर से चारों दोस्तों के होश फाख्ता हो गए।
ऐसे की युवती की हत्या व ठिकाने लगाया शव
काकटेल पार्टी का भंडाफोड़ होने की आशंका से सहमे चारों दोस्तों ने पहले युवती को मनाने की कोशिश की। जब युवती के तेवर और तीखे होते चले गए, तब चारों ने युवती को मौत के घाट उतारने का फैसला कर लिया। दयाराम व मुनेश ने युवती के हाथ व पैर जकड़ लिया और रवि ने उसका गला दबा दिया। युवती के अचेत होते ही दयाराम ने उसके सिर पर ईंट से प्रहार कर दिया। गला दबने व ईंट के प्रहार से युवती के सांसों की डोर टूट गई। युवती की मौत होने के बाद कातिलों ने शव लिहाफ में लपेटा। फिर शव स्कूटी पर रखकर तेवर खास गांव की सीमा में गन्ने के खेत में ठिकाने लगा दिया गया। मोतीराम ने कबूला कि मृतका से उसके लंबे समय से करीबी संबंध थे। मृतका का नाम उसने पूजा बताया।
पहली पत्नी की हत्या का आरोपी है मोतीराम
कटघर पुलिस के मुताबिक वर्ष 2015 में मोतीराम ने अपनी पहली पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पत्नी की हत्या के आरोप में वह जेल जा चुका है। मोतीराम अभ्यस्त अपराधी है। उसके खिलाफ कटघर में तीन, सम्भल के बनियाठेर थाने में दो व बिलारी थाने में दो अभियोग पहले से दर्ज हैं।
ये भी पढ़ें : सपा सांसद एसटी हसन बोले- देश में हिंसा के पीछे हो सकती है कोई महाशक्ति, वो नहीं चाहता भारत भी बने सुपरपावर
