हरदोई: पिकअप और टैंकर की टक्कर से 7 लोगों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
हरदोई। कानपुर हाई-वे पर हुए दर्दनाक हादसे में हुई सात मज़दूरों की मौत की खबर से अतरौली के चार गांवों में मातम छा गया। बारातों में बैंड-बाजे के साथ रोड लाइट ले कर चलने वाले मज़दूर वापस लौट रहे थे। इसी बीच वे हादसे का शिकार हो गए। बताते है कि शुक्रवार को अतरौली थाने …
हरदोई। कानपुर हाई-वे पर हुए दर्दनाक हादसे में हुई सात मज़दूरों की मौत की खबर से अतरौली के चार गांवों में मातम छा गया। बारातों में बैंड-बाजे के साथ रोड लाइट ले कर चलने वाले मज़दूर वापस लौट रहे थे। इसी बीच वे हादसे का शिकार हो गए।
बताते है कि शुक्रवार को अतरौली थाने के गोड़वा निवासी मुनेश के पुत्र अजय की बारात उन्नाव ज़िले के बजेहरा सोहरामऊ गई हुई थी। देर रात लगभग ढ़ाई बजे द्वाराचार के बाद सभी मज़दूर पिकअप पर सवार होकर वापस लौट रहे थे। इसी बीच हाई-वे पर लतीफपुर बनी बंथरा के पास सामने से आ रहे तेल के टैंकर ने पिकअप में सीधी टक्कर मार दी।
जिससे पिकअप पर सवार अतरौली थाने के दलेलपुर निवासी जयकरन, स्वयंवर, शैलेश और रामाधार के अलावा भिखनीखेड़ा के पुरषोत्तम,पकरिया कोल के राहुल और गोड़वा निवासी पिकअप ड्राइवर शामीन की मौत हो गई। जबकि दलेलपुर के कुलदीप, संतोष,भिखनीखेड़ा के विवेक और पकरिया कोल के रामेंद्र व जितेंद्र बुरी तरह ज़ख्मी हो गए। जिनमें जितेंद्र और दलेलपुर के कुलदीप की हालत नाज़ुक बताई जा रही है।
सगे भाइयों की मौत से दहल उठा दलेलपुर
कानपुर हाई-वे पर हुए सड़क हादसे में दलेलपुर के रहने वाले तीन सगे भाइयों की मौत से हर कोई दहल उठा। जयकरन, स्वयंवर और शैलेश सगे भाई थे। दर्दनाक हादसे में तीनों की मौत होने से उनके घरों में मातम बरपा हो गया।
बेटियों के सिर से छिन गया बाप का साया
हरदोई। अतरौली थाने के दलेलपुर का शैलेश शादी-शुदा था। वह रोड लाइट की मज़दूरी से अपनी बेटियों की परवरिश कर रहा था। उपासना,गौरवी के अलावा एक 12 दिनों की दुधमुंही बेटी है। कानपुर में हुए हादसे ने इन मासूम बेटियों के सिर से उनके बाप का साया छीन लिया।
पढ़ें-इटावा: कार और बस में हुई भीषण भिड़ंत, चार की मौत, पांच घायल
