लखीमपुर-खीरी: सिंचाई देखने खेत पर गए प्रधान पति लापता, हाईवे जाम कर रहे लोगों को पुलिस ने खदेड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रजागंज-खीरी, अमृत विचार। नलकूप से हो रही खेत की सिंचाई देखने शनिवार की शाम कार से गए ग्राम पंचायत करनपुर के प्रधान पति रहस्यमय ढंग से लापता हो गए। प्रधान ने गांव के ही एक अनुसूचित जाति के व्यक्ति पर हत्या कर शव गायब करने की आशंका जताई है। पुलिस के देर से पहुंचने से …

रजागंज-खीरी, अमृत विचार। नलकूप से हो रही खेत की सिंचाई देखने शनिवार की शाम कार से गए ग्राम पंचायत करनपुर के प्रधान पति रहस्यमय ढंग से लापता हो गए। प्रधान ने गांव के ही एक अनुसूचित जाति के व्यक्ति पर हत्या कर शव गायब करने की आशंका जताई है। पुलिस के देर से पहुंचने से नाराज ग्रामीण भड़क गए और सड़क जाम करने की कोशिश करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को लाठियां फटकार कर खदेड़ दिया। पुलिस ने खेत के पास चकरोड पर प्रधान पति की कार, खून से सनी टीशर्ट और एक टूटी हॉकी बरामद की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ग्राम पंचायत करनपुर निवासी रिंकी देवी ग्राम पंचायत की प्रधान हैं। उन्होंने बताया कि खेत पर लगे नलकूप से फसल की सिंचाई हो रही थी। शनिवार की शाम को पति विवेक कुमार प्रजापति उर्फ राजू सिंचाई देखने की बात कहकर घर से निकले थे। रात करीब 11रू08 बजे पति की उनके मोबाइल पर कॉल आई। पति चीखते-चिल्ला रहे थे। पति ने कहा कि गांव के ही प्यारेलाल भार्गव व कुछ अन्य व्यक्ति उसे मारपीट रहे हैं। इतना कहते ही ही उनका मोबाइल कट गया। जब उन्होंने दोबारा मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की तो मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।

इस पर आशंकित प्रधान ने पूरे मामले की जानकारी परिवार वालों को दी। परिवार वाले तमाम ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गए तो वहां कोई नहीं मिला। प्रधानपति की मारूती कार पर खून की छींटे पडीं थीं। जमीन पर भी खून पड़ा था। पास में ही प्रधान पति की खून से सनी टीशर्ट और एक टूटी हॉकी पड़ी थी। यह देख परिवार वालों में चीख पुकार मच गई। परिवार के लोगों ने यूपी 112 पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन कोतवाली गोला गोकर्णनाथ पुलिस के न पहुंचने से रविवार की सुबह ग्रामीण भड़क गए और पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर जाम लगाने की कोशिश की। इससे पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना पर सीओ राजेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक विवेक उपाध्याय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और हाईवे जाम करने की कोशिश कर रहे ग्रामीणों को लाठियां फटकार कर खदेड़ दिया। पुलिस ने मौके पर मिली प्रधान पति की मारूती कार, खून से सनी टीशर्ट और पास में पडी टूटी हॉकी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्रधान रिंकी देवी का आरोप है कि प्यारेलाल भार्गव ने उसके पति को मार कर गायब कर दिया है। उन्होंने प्यारेलाल व उनके अन्य साथियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रधान पति के गायब होने से आठ घंटे पहले हुई थी मारपीट
ग्रामीणों के अनुसार शनिवार की सुबह सीमेंट के होम पाइप डलवाने को लेकर गांव के ही अनुसूचित जाति के प्यारेलाल भार्गव से ग्राम प्रधान पति की बहस हो गई थी। इससे गुस्साए प्रधान पति विवेक कुमार ने प्यारेलाल की पिटाई कर दी थी और सार्वजनिक रूप से उसे अपमानित किया था। जिसकी तहरीर प्यारेलाल ने प्रधान पति व तीन अन्य लोगों के खिलाफ गोला पुलिस को तहरीर दी थी। जिस पर पुलिस ने विवेक कुमार प्रजापति उर्फ राजू, बालगोविंद प्रजापति, नितिन कुमार प्रजापति व राजकुमार अवस्थी के खिलाफ मारपीट करने व एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की थी।

अपहरण का दर्ज किया केस
पुलिस ने महिला प्रधान की तहरीर पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटनास्थल पर मौजूद परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना संदिग्ध लग रही है। कार पर कुछ खून की छीटें मिली हैं। कार के साथ ही खून से सनी टीशर्ट व टूटी हॉकी को कब्जे में लिया गया है। पुलिस बारीकी से घटना की जांच कर रही है। इसमें सर्विलांस सेल की भी मदद ली जा रही है—विवेक उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली गोला गोकर्णनाथ।

इसे भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: पुजारी को कुटी से उठा ले गया बाघ, जंगल में बरामद हुआ अधखाया शव

संबंधित समाचार