बरेली: जेई से मारपीट करने वाले संविदा कर्मचारियों की सेवा समाप्त
बरेली, अमृत विचार। डेलापीर उपकेंद्र के जेई से मारपीट करने वाले संविदा कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी गई है। रविवार की रात डेलापीर उपकेंद्र पर संविदा कर्मचारियों ने जेई जितेंद्र के साथ जमकर मारपीट की थी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले में बिजली अधिकारियों ने संविदा कर्मचारी मुहैया …
बरेली, अमृत विचार। डेलापीर उपकेंद्र के जेई से मारपीट करने वाले संविदा कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी गई है। रविवार की रात डेलापीर उपकेंद्र पर संविदा कर्मचारियों ने जेई जितेंद्र के साथ जमकर मारपीट की थी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले में बिजली अधिकारियों ने संविदा कर्मचारी मुहैया कराने बाली कंपनी को पत्र लिखकर सेवा समाप्त करने को कहा था।
विधायक के सम्मान में हुए कार्यक्रम के बाद डेलापीर उपकेंद्र में लाइट बंद करने को लेकर जेई और संविदाकर्मी में विवाद हो गया था। प्रयागराज के जीतेंद्र केसरवानी डेलापीर सब स्टेशन पर अवर अभियंता हैं। उन्होंने बताया कि वह रविवार की रात 10 बजे जब सब स्टेशन पर पहुंचे तो देखा कि विद्युत आपूर्ति पूर्णतया बाधित थी।
वहां पर संविदाकर्मी रिंकू, विशाल और प्रकाश बैठकर शराब पी रहे थे। उन्होंने बेवजह विद्युत आपूर्ति बंद करने का कारण पूछा तो आरोपी हमलावर हो गए और उनके साथ मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संगठन ने सोमवार को मुख्य अभियंता कार्यालय में विरोध प्रदर्शन किया था। उसके बाद उन्होंने मुख्य अभियंता को ज्ञापन देकर मारपीट करने वालों पर कार्रवाई की मांग की।
इस मामले में अधीक्षण अभियंता विकास सिंघल ने बताया कि संविदा कर्मचारियों पर रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद उन्हें संविदा से हटाने के लिए कंपनी को पत्र लिखा गया था। इसके बाद कंपनी ने आरोपी संविदा कर्मचारियों को हटा दिया है। वहीं प्रेमनगर पुलिस ने इस मामले में आरोपी विशाल को भी गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सोमवार को दो संविदा कर्मचारियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
यह भी पढ़ें- बरेली: 1400 एनसीसी कैडेट्स ने योग कर दिया सामूहिक निरोग रहने का संदेश
