लखीमपुर-खीरी: खुलासा…बड़ी बहन ने ही पकड़े थे हाथ, चार लोगों से कराया था बारी-बारी से दुष्कर्म

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, लखीमपुर-खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र की रामापुर पुलिस चौकी क्षेत्र में दुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या मामले में पुलिस ने बुधवार को सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार बड़ी बहन शौच के बहाने छोटी बहन (मृतका) को गन्ने के खेत में ले गई थी, जहां उसकी बड़ी बहन ने किशोरी के हाथ …

अमृत विचार, लखीमपुर-खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र की रामापुर पुलिस चौकी क्षेत्र में दुष्कर्म के बाद किशोरी की हत्या मामले में पुलिस ने बुधवार को सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार बड़ी बहन शौच के बहाने छोटी बहन (मृतका) को गन्ने के खेत में ले गई थी, जहां उसकी बड़ी बहन ने किशोरी के हाथ पकड़ लिए और पहले से मौजूद चार युवकों ने उसके साथ बारी बारी से दुष्कर्म किया, जबकि दो साथी गन्ने के खेत के बाहर निगरानी करते रहे। पुलिस ने सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी को छोड़कर सभी 18 से 20 साल के बीच के हैं।

पुलिस लाइन सभागार में एसपी संजीव सुमन ने बताया कि मंगलवार को रामापुर पुलिस चौकी क्षेत्र के एक गांव में 12 वर्षीय किशोरी की उसके ही दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। उसका शव गन्ने के खेत में मिला था। किशोरी के कपड़े भी अस्त व्यस्त थे। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जब जांच शुरू की तो विवेचना के दौरान यह बात सामने आई की मृतक किशोरी की बड़ी बहन का कोतवाली सदर के गांव खंभारखेड़ा निवासी रंजीत चौहान, गांव धोबहा निवासी अमर सिंह उर्फ अमरू, अंकित, संदीप चौहान से दोस्ती थी और शारीरिक संबंध थे।

इस पर पुलिस ने मृतका की बड़ी बहन और प्रकाश में आए चारों आरोपी व उनके दो अन्य साथियों को दबोच लिया और उन्हें पकड़कर कोतवाली सदर लाई। पुलिस ने जब उनसे पूछताछ की तो जो कहानी सामने आई। वाकई होश उड़ाने वाली थी। पुलिस भी उनके बयानों को सुनकर हैरान रह गई। आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि मृतका की बड़ी बहन से उनके अवैध संबंध थे। इस बात की जानकारी एक महीने पहले मृतका को हुई थी।

वह बड़ी बहन को युवकों से मिलने के लिए मना करती थी। आरोपी युवक जब मृतका के घर के पास से निकलते या आसपास टहलते थे तो वह उनको गाली देती थी। इस बात को लेकर मृतक किशोरी और उसकी बड़ी बहन के बीच अक्सर विवाद भी होता था। आशंकित परिवार के लोग भी बड़ी बहन को घर से निकलने से रोकते थे। एसपी ने बताया कि घटना के दिन सुनियोजित तरीके से बड़ी बहन अपनी छोटी बहन (मृतका) को शौच के बहाने गन्ने के खेत में ले गई।

वहां पहले से ही रंजीत, अमर सिंह, अंकित, संदीप, दीपू और अर्जुन मौजूद थे। बड़ी बहन ने उसका पानी से भरा लोटा अपने हाथ में ले लिया और उसे किनारे रख दिया। रंजीत, अमर सिंह, अंकित और संदीप ने किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म किया। बड़ी बहन दुष्कर्म के दौरान छोटी बहन के हाथ पकड़े रही, जबकि दीपू चौहान और अर्जुन गन्ने के खेत के बाहर निगरानी करते रहे। पीड़ित किशोरी घटना की जानकारी घर पर न दें। इसलिए आरोपियों ने उसके ही दुपट्टे से गला कसकर हत्या कर दी।

उसके चेहरे पर भी चोट पहुंचाई। घटना के बाद आरोपियों को बड़ी बहन ने मौके से भगा दिया और अपने घर चली आई। जब उसकी मां किशोरी की तलाश करने लगी तो आरोपी बड़ी बहन ने गन्ने के खेत में शौच करने जाते देखे जाने की बात बताई थी। इस पर मां जब खेत में पहुंची तो उसका शव पड़ा देखा। पुलिस ने सामूहिक गैंगरेप की धारा बढ़ाकर सभी सातों आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने सभी को जेल भेज दिया है।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: बहू ने सास की दुपट्टे से गला कसकर की हत्या

संबंधित समाचार