बरेली: बेगमपुरा लूट और पैसेंजर हत्याकांड के बाद टूटी जीआरपी की नींद, हाॅट स्पाॅट ट्रेनों को किया जा रहा चिन्हित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बेगमपुरा एक्सप्रेस में बुधवार को कई महिलाओं के साथ लूट और बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर के अंदर युवती की हत्या के बाद जीआरपी की नींद टूटी है। एसपी जीआरपी मुरादाबाद अनुभाग अपर्णा गुप्ता ने अनुभाग में आने वाले तमाम थाना प्रभारियों से हाॅट स्पाॅट ट्रेनों की सूची मांगी थी। इसके साथ ही यह भी बताने को …

बरेली, अमृत विचार। बेगमपुरा एक्सप्रेस में बुधवार को कई महिलाओं के साथ लूट और बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर के अंदर युवती की हत्या के बाद जीआरपी की नींद टूटी है। एसपी जीआरपी मुरादाबाद अनुभाग अपर्णा गुप्ता ने अनुभाग में आने वाले तमाम थाना प्रभारियों से हाॅट स्पाॅट ट्रेनों की सूची मांगी थी। इसके साथ ही यह भी बताने को कहा गया कि किस ट्रेन में किस थाने का स्क्वायड चलता है। इसके अलावा ट्रेनों के अंदर जीआरपी स्क्वायड को बढ़ाया जा रहा है। बरेली से जिन ट्रेनों के अंदर स्टाफ नहीं चल रहा था उसमें भी गश्त बढ़ाई गई है।

दरअसल बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर के अंदर बरेली जीआरपी का स्टाफ चलता है। बुधवार को बरेली अलीगढ़ पैसेंजर ट्रेन में अलीगढ़ के गांधी पार्क के मान सिंह गांव निवासी सपना का शव मिला था। उसकी हत्या की गई थी। अब तक जीआरपी यह खुलासा नहीं कर पाई है कि घटना को चंदौसी, बरेली या इन दोनों स्टेशनों के बीच कहां अंजाम दिया गया। सबसे बड़ी कमी जो खुलकर सामने आई वह यह कि जीआरपी खुद मान रही है कि घटना वाले दिन ट्रेन के अंदर स्टाफ नहीं था। हालांकि चलने से पहले ट्रेन को चेक जरूर किया गया था।

अधिकारियों का कहना है कि अग्निपथ योजना के विरोध में हो रहे प्रदर्शन के चलते स्टेशनों पर स्टाफ की तैनाती की गई थी। उस दौरान ट्रेनों से या तो स्टाफ हटा लिया गया या फिर कम कर दिया। बरेली दिल्ली पैसेंजर और पद्मावत एक्सप्रेस अप व डाउन में स्टाफ चल रहा था, लेकिन इन दो घटनाओं के बाद अलग-अलग ट्रेनों में 27 कर्मचारियों का स्क्वायड लगाया गया है। बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर, लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, पोरबंदर एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस आदि ट्रेनों के अंदर स्टाफ को तैनात कर मुस्तैद रहने के लिए कहा गया है।

हाॅट स्पाॅट ट्रेनों को चिन्हित कर उनके अंदर जीआरपी का स्क्वायड बढ़ाया जा रहा है। जिन ट्रेनों में स्टाफ अग्निपथ योजना के खिलाफ हो रहे विरोध के चलते हटाया गया था उन ट्रेनों में भी दोबारा स्टाफ तैनात कर दिया गया है। बेगमपुरा एक्सप्रेस में हुई लूट और बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर में युवती की हत्या के खुलासे के लिए टीमें लगी हुई हैं।- ध्रुव कुमार, प्रभारी निरीक्षक, जीआरपी बरेली जंक्शन

ये भी पढ़ें- बरेली: सुबह तक रहा मालगाड़ी बेपटरी होने का असर, कई ट्रेनें की गईं डायवर्ट, यात्री हुए परेशान

 

संबंधित समाचार