बरेली: स्मार्ट सिटी में धन की बर्बादी, बारिश में पहले सड़क डाली फिर विरोध पर उखेड़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली शहर को स्मार्ट बनाने के चक्कर में सरकारी धन की खूब बर्बादी की जा रही है। शनिवार को बारिश के बीच स्मार्ट सिटी में हॉटमिक्स सड़क बनाने के लिए नया प्रयोग किया गया। दोपहर बाद बारिश होती रही और ठेकेदार नौमहला मस्जिद सड़क बनवाता रहा। जबकि कोलतार और पानी एक दूसरे के जानी …

बरेली, अमृत विचार। बरेली शहर को स्मार्ट बनाने के चक्कर में सरकारी धन की खूब बर्बादी की जा रही है। शनिवार को बारिश के बीच स्मार्ट सिटी में हॉटमिक्स सड़क बनाने के लिए नया प्रयोग किया गया। दोपहर बाद बारिश होती रही और ठेकेदार नौमहला मस्जिद सड़क बनवाता रहा। जबकि कोलतार और पानी एक दूसरे के जानी दुश्मन हैं। बारिश में सड़क डालने का मतलब खुलेआम सरकारी धन की बर्बादी करना है।

भनक लगने पर व्यापारी नेता देवेंद्र जोशी कुछ व्यापारियों के साथ मौके पर पहुंचे और उन्होंने बारिश में सड़क बनाने का विरोध किया। उस वक्त करीब तीन सौ मीटर से अधिक सड़क बारिश में डाली जा चुकी थी। मजदूरों से ठेकेदार के बारे में पूछा, तब वहां कार्य कर रहे युवक ने बताया कि आगरा के ठेकेदार सड़क को बनवा रहे हैं।

उन्होंने बारिश में सड़क न डालने के लिए कहा लेकिन मजदूर भीगते हुए सड़क डालने में मशगूल रहे, तब मामले की शिकायत नगर आयुक्त अभिषेक आनंद से फोन पर की गई। इसके साथ बारिश में सड़क बनाकर सरकारी धन की बर्बादी का फेसबुक लाइव चलाया गया। इससे अफसरों में खलबली मच गई। नगर आयुक्त के निर्देश पर ठेकेदार और कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और सड़क निर्माण कार्य को रुकवा दिया। इसके बाद बारिश रुकने पर मशीन से डाली सड़क को जेसीबी से उखड़वाया गया। सड़क को उखेड़ने में जेसीबी को काफी समय लगा।

बताते हैं कि ठेकेदार मनमर्जी से बारिश में सड़क डलवा रहा था। इस वजह से करीब 15 लाख रुपये का नुकसान होने की बात सामने आई है। इसमें सवाल यह उठ रहा है कि ठेकेदार को बारिश में सड़क डालने की क्या जरूरत पड़ गई। अधिकारियों ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। यदि यह सड़क बारिश में पड़ जाती तो महज कुछ माह ही चल पाती और फिर इसमें धन खपाया जाता।

वाहनों का दबाव पड़ता और एक दो बार बारिश होती तो सड़क उखड़ जाती। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महामंत्री देवेंद्र जोशी के साथ नीरज शर्मा, राकेश तुली, अमित गोयल, सुधाकर, अतुल शर्मा और अमित गोयल ने बारिश में सड़क बनाने के खिलाफ आवाज उठाई।

बारिश में सड़क बनाने और उखाड़ने पर राहगीरों ने झेली दिक्कतें
 ठेकेदार की मनमर्जी से जहां लाखों रुपये का नुकसान हुआ। वहीं बारिश में सड़क बनाने और कुछ देर बाद उसे जेसीबी से उखाड़ने के दौरान सर्वाधिक दिक्कतें राहगीरों ने झेलीं। बाइक सवार राहगीरों को सड़क बनने के दौरान कच्चे से निकलकर जाना पड़ा। जब जेसीबी से सड़क उखेड़ी जा रही थी तब भी कई बाइक सवार उखड़ी सड़क पर चलने के दौरान गिरने से बच गए।

जानकारी मिलते ही मौके पर पूरी सड़क को उखड़वा दिया गया है। ठेकेदार का लगभग 15 लाख का सामान फिकवा दिया है। उस पर जुर्माना डाला जाएगा, इसके लिए नोटिस भी दी जा रही है।- अभिषेक आनंद, नगर आयुक्त। 

ये भी पढ़ें- बरेली: आयुश्री मिस और दीपांशु बने मिस्टर फ्रेशर

 

संबंधित समाचार