मुरादाबाद : आज मालगाड़ी दुर्घटना की जांच करने आएगी एसएजी
मुरादाबाद,अमृत विचार। शहजादनगर-रामपुर स्टेशन के बीच मालगाड़ी दुर्घटना की जांच सोमवार से शुरू होगी। मुख्य परिचालन प्रबंधक (सामान्य) की अगुवाई में पांच सदस्यीय टीम को जांच सौंपी गई है। रेलवे मुख्यालय ने सीनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड (एसएजी) के सदस्यों को मामले की जांच सौंपी है। शुक्रवार की रात 9:45 बजे मुरादाबाद की ओर आ रही मालगाड़ी …
मुरादाबाद,अमृत विचार। शहजादनगर-रामपुर स्टेशन के बीच मालगाड़ी दुर्घटना की जांच सोमवार से शुरू होगी। मुख्य परिचालन प्रबंधक (सामान्य) की अगुवाई में पांच सदस्यीय टीम को जांच सौंपी गई है।
रेलवे मुख्यालय ने सीनियर एडमिनिस्ट्रेटिव ग्रेड (एसएजी) के सदस्यों को मामले की जांच सौंपी है। शुक्रवार की रात 9:45 बजे मुरादाबाद की ओर आ रही मालगाड़ी पटरी से उतर गई थी। इस वजह से अप लाइन (दिल्ली दिशा) की ट्रेनों का संचालन बाधित हो गया था। रात के समय दिल्ली की ओर आने वाली ट्रेनों की संख्या अधिक होती है, इस वजह से रेल प्रबंधन को परिचालन बहाल करने में बहुत परेशानी उठानी पड़ी। छह घंटे के प्रयास के बाद रूट बहाल हो सका।
प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों को बरेली से डाइवर्ट करके चंदौसी होते हुए मुरादाबाद लाया गया। उधर, पंजाब मेल, बेगमपुरा, कानपुर-जम्मूतवी सुपरफास्ट, अमरनाथ एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें जहां-तहां फंसी रहीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना की जांच बड़ौदा हाउस की टीम को सौंपी गई है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुधीर सिंह का कहना है कि सोमवार को बड़ौदा हाउस की टीम सीधे घटनास्थल पहुंचेगी। जांच में सीओएम(जी) सीएसओ, सीएसटी, सीपीई और डिप्टी सीएसओ शामिल हैं। यह टीम वरिष्ठ अधिकारियों की है। सीनियर डीसीएम ने बताया कि एसएजी को 11 दिन के भीतर जांच पूरी करने की जिम्मेदारी दी गई है।
उन्होंने बताया कि मालगाड़ी एक डिब्बा पटरी से उतर गया था। चूंकि गाड़ी के परिचालन, देखरेख और अन्य मामलों में कई डिवीजन शामिल हैं। इस वजह से प्रकरण की जांच मुख्यालय की टीम को सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में सिविल इंजीनियरिंग, ट्रैफिक, कैरिज एंड वैगन सहित जिम्मेदार विभागों के सदस्यों के बयान दर्ज किए जाएंगे। जांच कमेटी बड़ौदा हाउस को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। उस आधार पर दुर्घटना के कारण का निर्धारण हो सकेगा। संभव है कि टीम आरंभिक जांच के बाद यहां मंडल मुख्यालय पर आए और जरूरी साक्ष्यों की छानबीन करे।
मंडलीय अधिकारियों की बढ़ीं धड़कनें
मुरादाबाद। शहजादनगर रेल दुघर्टना ने मंडलीय अधिकारियों की धड़कन बढ़ा दी है। हालाकि आरंभिक जांच में घटना का कारण तो साफ नहीं हुआ है, लेकिन डिब्बे के एक्सल की खराबी शुरुआती चरण में सामने आई है। जबकि विभाग में स्लीपर और रेल ट्रैक की खराबी की चर्चा है। ऐसे में बड़ौदा हाउस की टीम के दौरे से सभी विभागों में खलबली मची है। इंजीनियरिंग, कैरेज एंड वैगन, मैकेनिकल और परिचालन संबंधी विषय चर्चा में है। अब यह देखना बाकी है कि दुर्घटना का असल जिम्मेदार कौन है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : शहजाद नगर-रामपुर के बीच हुए रेल हादसे की जांच करेगी बड़ौदा हाउस की टीम
