लखनऊ : सीएम योगी के रात्रिभोज में द्रौपदी मुर्मू मांगेगीं समर्थन, जानें किन नेताओं से करेंगी मुलाकात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। राष्ट्रपति पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू अपने प्रचार अभियान के तहत शुक्रवार को लखनऊ पहुंचेंगी। यहां उनके ठहरने की व्यवस्था बटलर पैलेस कालोनी स्थित नैमिषारण्य गेस्ट हाऊस की गई है। बीते साल जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य संपत्ति विभाग के वीवीआईपी गेस्ट हाउस नैमिषारण्य का उद्घाटन …

लखनऊ, अमृत विचार। राष्ट्रपति पद के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू अपने प्रचार अभियान के तहत शुक्रवार को लखनऊ पहुंचेंगी। यहां उनके ठहरने की व्यवस्था बटलर पैलेस कालोनी स्थित नैमिषारण्य गेस्ट हाऊस की गई है।

बीते साल जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य संपत्ति विभाग के वीवीआईपी गेस्ट हाउस नैमिषारण्य का उद्घाटन किया था तो इस अतिथि गृह के नाम का महत्व बताते हुए कहा था कि यह नाम मां ललिता देवी से जुड़ा हुआ है। कहा था कि चूंकि उत्तर प्रदेश, देश की आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र है। पहचान के अनुरूप गेस्ट हाउस का नाम भी धर्म व संस्कृति से जुड़ा हुआ रखा गया है। यानि मुर्मू को यहां ठहराने मात्र से ही उनके सम्मान में एक अहम संदेश निकलेगा।

योगी आदित्यनाथ के मीडिया सलाहकार मृत्युंजय कुमार के मुताबिक मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित रात्रिभोज में द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों के नेता मौजूद रहेंगे। लखनऊ प्रवास के दौरान द्रौपदी मुर्मू राजग के घटक दलों के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों व विधायकों के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से समर्थन के लिए सम्पर्क व संवाद करेंगी। मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव के लिए समर्थन देने की घोषणा बसपा नेत्री मायावती पहले ही कर चुकीं हैं।

भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल ने बताया कि द्रोपदी मुर्मू शुक्रवार को दोपहर 3 बजे चौधरी चरण सिंह अन्तर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लखनऊ पर पहुंचेगी। यहां उनकी अगवानी के लिए एयरपोर्ट पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, अपना दल (एस) के नेता व कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल व निषाद पार्टी के नेता व मंत्री डॉ. संजय निषाद सहित अन्य वरिष्ठ नेता स्वागत करेंगे।

इसके बाद द्रौपदी मुर्मू राजग उम्मीदवार के रूप में भाजपा, अपना दल (एस), निर्बल भारतीय शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के सांसदों व विधायकों के साथ शाम को लोकभवन में आयोजित बैठक में राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी के रूप में समर्थन के लिए सम्पर्क करेंगी।

यह भी पढ़ें –भाजपा ने आदिवासी वोट के लिए द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया: मेधा पाटकर

संबंधित समाचार