रायबरेली : सपा विधायक राहुल लोधी के खिलाफ अपहरण और फिरौती का मुकदमा दर्ज
रायबरेली, अमृत विचार । हरचंदपुर से समाजवादी पार्टी के विधायक राहुल लोधी , उनके भाई और समर्थकों के विरुद्ध पुलिस ने अपहरण व फिरौती मांगने समेत कई संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया है । इसमें तीन लोगों को नामजद करते हुए चार अन्य अज्ञात को भी आरोपित किया गया है । मामले की शुरुआत …
रायबरेली, अमृत विचार । हरचंदपुर से समाजवादी पार्टी के विधायक राहुल लोधी , उनके भाई और समर्थकों के विरुद्ध पुलिस ने अपहरण व फिरौती मांगने समेत कई संगीन धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया है । इसमें तीन लोगों को नामजद करते हुए चार अन्य अज्ञात को भी आरोपित किया गया है ।
मामले की शुरुआत विधान सभा चुनाव के दौरान हुई थी । शहर के इंदिरा नगर की रहने वाली गिरीश कुमारी सिंह ने यह मुकदमा दर्ज कराया है । उनका आरोप है कि एक मार्च को उनके घर पर शाम को राहुल लोधी उनके भाई रोहित लोधी और लालगंज का रहने वाला आकाश यादव चार अन्य लोगो के साथ उनके घर आए थे । और महिला के बेटे उपेंद्र सिंह को शैक्षिक अभिलेख और चेकबुक के साथ यह कहकर साथ ले गए थे कि ईवीएम स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए उसे ले जा रहे हैं। कई दिन बीत जाने के बाद महिला परेशान हुई तो अपने बेटे की खोज में विधायक के घर गई ।
जहां विधायक की मां ने उसे यह कहकर वापस भेज दिया कि वह राहुल से उपेंद्र के बारे में पूंछकर बताएगी। बाद में राहुल लोधी ने बताया कि उपेंद्र सिंह पूना में नौकरी कर रहा है । महिला का आरोप है कि कुछ दिन बाद फिर वह विधायक से अपने बेटे के बारे में मिलने गई तो उसे गाली देकर भगा दिया गया । इस बीच पीड़िता परेशान थी ।
महिला का आरोप है कि 28 मई को आकाश यादव उसके घर आया और कहा कि उपेंद्र सिंह के लिए फिरौती में पांच लाख रूपया उन लोगों को दे दो , अन्यथा उपेंद्र को मार दिया जायेगा । इस मामले में पुलिस को भी सूचना न देना । महिला का कहना है कि वह बेटे के लिए परेशान थी कि 6 जून को उसका बेटा बदहवास उसके घर पहुंचा और बताया कि उन लोगों ने उसे बंधक बनाया था और उसकी नशीला पदार्थ भी पिलाया है । उससे शैक्षिक अभिलेख भी ले लिया और चेक बुक पर हस्ताक्षर भी करा लिया है । इस मामले में महिला की शिकायत पर हरचंदपुर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है ।
मंत्री के भाई को हराया था राहुल ने
हरचंदपुर से सपा विधायक राहुल लोधी पहली बार विधायक बने है । इससे पूर्व इनके पिता शिव गणेश लोधी विधायक थे । मार्च महीने में संपन्न हुए विधान सभा चुनाव में राहुल लोधी ने जिले के एमएलसी और प्रदेश ने स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के भाई राकेश प्रताप सिंह को हराया है।
