मुरादाबाद : धूल भरी आंधी के साथ हुई बूंदाबांदी से मौसम हुआ सुहाना, गर्मी से मिली राहत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे आंधी के साथ हुई बूंदाबांदी ने लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत दिलाई। मगर काले बादल जमकर नहीं बरस सके। तेज हवाओं के साथ उड़े बादलों ने बरसात की राह देख रहे लोगों को निराश कर दिया। हालांकि बूंदाबांदी से पारा लुढ़क गया। …

मुरादाबाद, अमृत विचार। शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे आंधी के साथ हुई बूंदाबांदी ने लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत दिलाई। मगर काले बादल जमकर नहीं बरस सके। तेज हवाओं के साथ उड़े बादलों ने बरसात की राह देख रहे लोगों को निराश कर दिया। हालांकि बूंदाबांदी से पारा लुढ़क गया। मगर उमस से पूरी तरह राहत नहीं मिल सकी। मानसून की बेरुखी से किसान मायूस हैं। उन्हें फसलों की सिंचाई के लिए महंगे डीजल का सहारा लेना पड़ रहा है। किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए देख रहे हैं।

सावन के मौसम में बरसात न होने से लोग उमस भरी गर्मी झेलने को मजबूर हैं। चिपचिपाती गर्मी और तन झुलसाती धूप से लोगों का हाल बेहाल है। मानसून भी दगा दे रहा है। ऐसे में शनिवार की शाम करीब साढ़े चार बजे आसमान में काले बादल छाए तो लोगों को बरसात की उम्मीद जगी। मगर बरसात से पहले ही आई तेज आंधी बादलों को उड़ा कर ले गए। हल्की बूंदाबांदी से ही संतोष करना पड़ा। उमस भरे मौसम के बीच हुई बूंदाबांदी से भी काफी राहत मिली। तेज हवाओं के चलने और काली घटाएं छाने से सुहावने मौसम के बीच लोगों ने बारिश की आहट महसूस की। हवा थमने के साथ ही बादल भी बरसे। लेकिन कुछ देर बरसकर ही थम जाने वाली बारिश ने लोगों को मायूस कर दिया। थोड़ी सी बारिश में एक बार फिर देर शाम से माहौल में उमस महसूस होने लगी।

हालांकि, बूंदाबांदी से ही महानगर के कई इलाकों में जलभराव हो जाने से दुश्वारियां हो गईं। सड़कों पर जलभराव होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने शनिवार को तेज हवा और हल्की बारिश का अंदेशा जाहिर किया था। शनिवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री जबकि न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

संबंधित समाचार