राष्ट्रपति चुनाव में कांग्रेस के कुछ विधायक अपने विवेक से मतदान करेंगे: चंद्रकांत पाटिल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने सोमवार को कहा कि उन्हें विश्वास है कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार के विश्वास मत के दौरान अनुपस्थित रहे कांग्रेस के कुछ विधायक अपने विवेक के अनुसार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष …

मुंबई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने सोमवार को कहा कि उन्हें विश्वास है कि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार के विश्वास मत के दौरान अनुपस्थित रहे कांग्रेस के कुछ विधायक अपने विवेक के अनुसार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में मतदान करेंगे। महाराष्ट्र विधान भवन में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान जारी है।

पाटिल ने विधान भवन परिसर में पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस, अपने विधायकों की रक्षा भी नहीं कर सकती है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा, ‘‘मुझे भरोसा है कि विश्वास मत के दौरान अनुपस्थित रहे कांग्रेस के कुछ विधायक इस बार भी अपने विवेक का इस्तेमाल करेंगे।’’ राजग ने देश के शीर्ष संवैधानिक पद के लिए द्रौपदी मुर्मू को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि विपक्ष ने पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।

भाजपा विधायक और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री आशीष शेलार ने कहा, ‘‘विपक्षी दलों को अपनी ताकत का घमंड नहीं करना चाहिए। वे पहले भी मुंह के बल गिर चुके हैं।’’ शिंदे सरकार के विश्वास मत के दौरान चार जुलाई को महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण समेत कांग्रेस के 11 विधायक विधानसभा में मौजूद नहीं थे। देर से विधान भवन पहुंचने के कारण वे मतदान नहीं कर सके।

भाजपा के पास 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा में वर्तमान में 106 विधायक हैं, जिसमें शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट के 40 विधायक हैं, इसके अलावा 10 निर्दलीय विधायक हैं जो भाजपा का समर्थन करते हैं। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने 15 विधायकों के साथ मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा की है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस के पास क्रमश: 53 और 44 विधायक हैं।

यह भी पढ़ें-भाजपा ने तेजी से उभरती भारतीय अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया: राहुल


संबंधित समाचार