पूर्वांचल विवि के नैक मूल्यांकन की तैयारी संतोषजनक नहीं, राज्यपाल ने सुधार के दिये निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। राजभवन में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के नैक मूल्यांकन के लिए शुक्रवार को किये गये प्रस्तुतीकरण में तैयारी संतोषजनक नहीं पायी गई। इस पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कुलपति को तैयारी में सुधार करने के निर्देश दिये हैं। विश्वविद्यालय इससे पूर्व वर्ष 2004 में नैक का ‘बी’ ग्रेड व वर्ष 2016 में …

लखनऊ। राजभवन में वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के नैक मूल्यांकन के लिए शुक्रवार को किये गये प्रस्तुतीकरण में तैयारी संतोषजनक नहीं पायी गई। इस पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कुलपति को तैयारी में सुधार करने के निर्देश दिये हैं।
विश्वविद्यालय इससे पूर्व वर्ष 2004 में नैक का ‘बी’ ग्रेड व वर्ष 2016 में नैक का ‘बी प्लस’ ग्रेड प्राप्त कर चुका है। अब तीसरी बार मूल्यांकन के लिए अपनी ‘सेल्फ स्टडी रिपोर्ट’ दाखिल करने की तैयारी कर रहा है।

राज्यपाल ने विश्वविद्यालय द्वारा नैक मूल्यांकन की तैयारियों के लिए गठित कमेटी के सदस्यों से सभी सातों मापदंड पर बिंदुवार जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी मापदंडों को पूरा करने के लिए पुनरावलोकन कर सुधार किया जाय। हर बिन्दु पर सुदृढ़ तैयारी की जाय। कार्यों का विवरण व डाटा का हाइपर लिंक भी सम्बद्ध किया जाय।

उन्होंने निर्देश दिया कि पूरी टीम एक साथ बैठकर कार्य करे। आपस में तालमेल व सहयोग की भावना रखें। उन्होंने कहा कि कुलपति स्वयं टीम के साथ बैठकर समीक्षा करें। बैठक में राज्यपाल ने पुस्तकालय व्यवस्था के लिए किए व्यय का संतोषजनक प्रस्तुतिकरण न कर पाने पर व्यय अवलोकन करने का भी निर्देश दिया।

प्रस्तुतिकरण में विद्यार्थियों को फीडबैक सिस्टम की जानकारी देने, उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुसार फीडबैक को मजबूत करने, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर से सहायता लेने, पेटेंट को उत्पादन में क्रियान्वित कराने, छात्रावासों की समस्याओं को दूर करने, विद्यार्थियों को ई-सुविधाओं के व्यापक उपयोग की जानकारी देने, गांवों में की जा रही गतिविधियों को एक ही जगह प्रदर्शित करने आदि सुधार के लिए सुझाव दिये।

इस मौके पर राज्यपाल ने विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर निर्मला एस. मौर्य द्वारा लिखित पुस्तक ‘गर्भ संस्कार एक उत्कृष्ट परम्परा’ का विमोचन किया। बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, अपर मुख्य सचिव राज्यपाल महेश कुमार गुप्ता समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें:-राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मप्र बस दुर्घटना में मारे गये लोगों के प्रति व्यक्त किया शोक

संबंधित समाचार