सुल्तानपुर : नाली के विवाद में दो पक्ष भिड़े, युवक पर किया जानलेवा हमला
सुल्तानपुर, अमृत विचार। नाली को लेकर ढ़ेमा गांव में शनिवार की सुबह दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर से हमला बोल दिया। इसमें किशोरी समेत तीन लोग घायल हो गए। सीएचसी से एक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मामले …
सुल्तानपुर, अमृत विचार। नाली को लेकर ढ़ेमा गांव में शनिवार की सुबह दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर से हमला बोल दिया। इसमें किशोरी समेत तीन लोग घायल हो गए। सीएचसी से एक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के ढ़ेमा डड़िया निवासी संजय उपाध्याय (45) शनिवार की सुबह करीब छह बजे घर के बगल अपनी टूटी हुई कच्ची नाली को ठीक कर रहे थे। आरोप है कि इसी बीच पड़ोस के रामयज्ञ व उनके परिवार के सदस्यों ने विवाद शुरू कर दिया। कहासुनी के दौरान ही विपक्षियों ने संजय के ऊपर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर से हमला बोल दिया। जान बचाकर संजय घर की तरफ भागे। यह भी आरोप है कि विपक्षियों ने घर में घुसकर भी मारपीट की। गुहार पर भाई को छुड़ाने दौड़े विवेक (38) व बेटी नन्दिनी (13) को भी हमलावरों ने मारा पीटा। विपक्षियों की पत्थरबाजी से संजय का टीनशेड भी क्षतिग्रस्त हो गया।
पीड़ित पक्ष ने घटना की सूचना डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी मोतिगरपुर पहुंचाया। संजय के सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष राज कुमार वर्मा ने बताया मारपीट की सूचना पर पुलिस गांव पहुंची थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें –अयोध्या: बिजली संकट से लोग हो रहे परेशान, विद्युत उपकेंद्र कर रहा मनमानी
