बिजनौर : रोडवेज बस और कार की भिड़ंत में चार कांवड़ियों की मौत, चार की हालत गंभीर
बिजनौर/ नजीबाबाद/अमृत विचार। ऋषिकेश के नीलकंठ महादेव मंदिर में भगवान शिव का अभिषेक करके फर्रुखाबाद लौट रहे कांवड़ियों की ईको कार और रोडवेज बस की जबरदस्त टक्कर में चार शिव भक्तों की मौत हो गई। भीषण दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल भी हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल …
बिजनौर/ नजीबाबाद/अमृत विचार। ऋषिकेश के नीलकंठ महादेव मंदिर में भगवान शिव का अभिषेक करके फर्रुखाबाद लौट रहे कांवड़ियों की ईको कार और रोडवेज बस की जबरदस्त टक्कर में चार शिव भक्तों की मौत हो गई। भीषण दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल भी हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया।

रविवार तड़के करीब 4:00 बजे मंडावली थाना क्षेत्र के गांव मुस्सेपुर के सामने हाईवे पर रुहेलखंड बरेली डिपो की बस और ईको कार की उस वक्त आमने-सामने की भिड़ंत हो गई, जब बस नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर तथा कार हरिद्वार से नजीबाबाद की ओर आ रही थी। जैसे ही बस और कार मुस्सेपुर के पास पहुंची तो दोनों में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयंकर थी कि दुर्घटना के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार चार कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी गजेंद्र पाल सिंह और थाना अध्यक्ष नरेंद्र कुमार गौड़ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने बस और कार को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि कार चालक को नींद की झपकी आने के कारण हादसा होना प्रतीत हुआ है। मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें : बिजनौर: पेड़ काटने को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, आठ घायल
