गोरखपुर: अपहरण की धमकी देकर 20 लाख की फिरौती मांगने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
गोरखपुर। बीते 22 जुलाई को चिलुआताल क्षेत्र के बरगदवा निवासी संजय कुमार को फोन कर उनकी बेटी के अपहरण की धमकी देने और 20 लाख के फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम सिंह और उसके दो साथियों अरूण व कपिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के अनुसार …
गोरखपुर। बीते 22 जुलाई को चिलुआताल क्षेत्र के बरगदवा निवासी संजय कुमार को फोन कर उनकी बेटी के अपहरण की धमकी देने और 20 लाख के फिरौती मांगने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवम सिंह और उसके दो साथियों अरूण व कपिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर के अनुसार यूपी राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड में लेखा सहायक के पद पर तैनात संजय कुमार के मोबाइल पर 22 जुलाई को एक अंजान नंबर से फोन आया। कालर ने संजय को उनकी बेटी का अपहरण करने की धमकी दिया और बदले में 20 लाख की फिरौती मांगी। संजय की सूचना पर पुलिस ने केस दर्ज कर सर्विलांस की मदद ली तो पता चला कि मुख्य आरोपी शिवम सिंह निवासी बिजनौर थाना हीमपुर पिपली जाट, संजय कुमार का रिश्तेदार है और उसपर लाखों का कर्ज था।
कर्ज चुकाने के चक्कर मे उसने अपने साथियों अरुण निवासी घनसोल पुर थाना चांदपुर, बिजनौर और कपिल निवासी हरिनगर थाना हीमपुर के साथ अपने मामा संजय को फोन कर उनकी पुत्री के अपहरण की धमकी देकर 20 लाख की फिरौती मांगी थी। पुलिस ने घटना की सूचना पर सर्विलांस की मदद और मुखबिर की सूचना पर तीनों को नकहा ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर धमकी में प्रयुक्त मोबाइल बरामद किया है।
यह भी पढ़ें:-गोरखपुर: अपहृत कम्पनी संचालक को पुलिस ने सकुशल कराया मुक्त, तीन को किया गिरफ्तार
