रामपुर: पति का घर छोड़ आई महिला को 32 दिन बाद प्रेमी ने चाकू से गोदकर मार डाला
रामपुर/मिलक, अमृत विचार। एक माह यानी 32 दिन पहले उत्तराखंड के बाजपुर में अपने पति का घर छोड़कर मायके चली आई महिला की रात को सोते समय उसके पुराने प्रेमी ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। परिजनों ने प्रेमी को भागते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने परिजनों …
रामपुर/मिलक, अमृत विचार। एक माह यानी 32 दिन पहले उत्तराखंड के बाजपुर में अपने पति का घर छोड़कर मायके चली आई महिला की रात को सोते समय उसके पुराने प्रेमी ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। परिजनों ने प्रेमी को भागते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने परिजनों की पिटाई ससे घायल प्रेमी को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
- घायल प्रेमी को परिजनों ने पुलिस को सौंपा, अस्पताल में भर्ती
- आरोपी के रंगेहाथ हत्थे चढ़ने से पुलिस की मुश्किल हुई आसान
मामला कोतवाली क्षेत्र के खाता चिंतामन गांव का है। गांव निवासी नत्थूलाल ने अपनी पुत्री सरस्वती का विवाह सात वर्ष पूर्व उत्तराखंड के थाना बाजपुर के जगतपुरी गांव निवासी महेश के साथ किया था। सरस्वती पिछले माह 32 दिन पहले ही ससुरालियों से अनबन के कारण अपने मायके में आकर रह रही थी। मंगलवार देर रात सरस्वती घर के आंगन में सो रही थी। इसी दौरान आरोपी संजय निवासी ग्राम शादीनगर हजीरा थाना मिलक खानम उसके घर में घुस आया और उस पर चाकू से हमला कर दिया।
सरस्वती की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि आरोपी उनकी पुत्री पर धारदार हथियार से हमला कर रहा था। परिजनों ने आरोपी संजय को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। जिससे आरोपी संजय भी घायल हो गया परिजन सरस्वती को लेकर रजपुरा पीएचसी पहुंचे। जहां गंभीर अवस्था में चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान सरस्वती ने दम तोड़ दिया वहीं आरोपी संजय को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इधर सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर मिलक सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अवैध संबंधों के चलते महिला की हत्या कर दी गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। आरोपी के विरुद्ध पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज़ कर लिया गया है। आरोपी के घायल होने के कारण पुलिस की निगरानी में इलाज चल रहा है।
दो बच्चों को लेकर पति को छोड़ आई थी महिला
सुसरालियों से किसी बात को लेकर हुए विवाद में सरस्वती एक महीने पहले लड़कर पति को छोड़कर मायके आ गई थी। उसके बाद से वह वहीं पर रह रहीं थी। मृतका के दो बच्चे हैं, मां की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है। हालांकि दोनों बच्चे अपनी दादी के पास बाजपुर रह रहे हैं दोनों में से कोई पढ़ाई नहीं करता है।
पाकबड़ा में ईट भट्ठे पर मजदूरी के दौरान हुई थी संजय से दोस्ती
मृतका सरस्वती के भाई का कहना है कि कुछ समय पहले सरस्वती और उसका पति महेश दोनों एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने के लिए कुछ साल पहले पाकबड़ा गए थे। इस दौरान ही सरस्वती की संजय से दोस्ती हो गई थी। उसके बाद पहले संजय उससे मिलने के बहाने पर उसके घर पर आता था। उसके बाद दोनों में प्यार हो गया था। तभी से संजय उससे अवैध संबंध बनाने की कोशिश कर रहा था, पुलिस का कहना है कि अवैध संबंधों का विरोध करने पर संजय ने मंगलवार रात को उसके घर में घुसकर चाकू से हमलाकर सरस्वती को मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद से पूरा परिवार सदमें में पहुंच गया है।
शराब पीने का विरोध करने पर दंपति में होता था झगड़ा
शादी के कुछ समय के बाद से ही मृतका का पति महेश शराब का आदी हो गया था। जिसका सरस्वती विरोध करती थी। इसी के मना करने पर आए दिन दोनों में किसी विवाद होता रहता था, उसी के चलते एक माह पहले सरस्वती अपने मायके आ गई थी, जहां मंगलवार रात को उसके प्रेमी ने घर पहुंचकर उसको मौत के घाट उतार दिया।
मिलक में दो दिन के अंदर दो प्रेमिकाओं को उतारा गया मौत के घाट
मिलक में दो दिन के अंदर दो हत्याओं से सनसनी फैल गई। गांव के लोग दशहत में आए गए है,क्षेत्र में लगातार वारदात बढ़ रही हैं, पुलिस इनको रोकपाने में नाकाम साबित हो रही हैं। मिलक क्षेत्र में दो दिन के अंदर दो प्रेमियों ने घर में घुसकर दोनों को मौत के घाट उतार दिया। जिसमें एक मामला फायजा का है। उसका उत्तराखंड के रहने वाले एक युवक से प्रेम चल रहा था। उसने घर में घुसकर चाकू से हत्या कर दी। पुलिस इस मामले में जांच कर रहीं थी कि मंगलवार रात को भी एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका के घर में घुसकर चाकू से हत्या कर दी। इन हत्याओं से मिलक क्षेत्र में सनसनी फैल गई हैं। दोनों युवकों ने हत्याओं को एक ही तरीके से अंजाम दिया है।
घर में घुसकर महिला की हत्या करने के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। परिजनों ने आरोपी को पुलिस को सौंपा है, घायल अवस्था में उसे जिला अस्पताल में पुलिस देखरेख में उपचार किया जा रहा है। जल्द कानूनी कार्रवाई की जाएगी। – धर्मसिंह मार्छल, सीओ मिलक
ये भी पढ़ें:- सुरेश एन पटेल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिलाई CVC के तौर पर शपथ
